राहुल बताएं, किस फंड से गरीबों को देंगे 72 हजार रुपए: गोपाल भार्गव

राजनीति Mar 27, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  
 
भोपाल। कांग्रेस ने देश के हर गरीब को 72 हजार रुपए सालाना देने की जो घोषणा की है, वह भी कर्जमाफी की तरह ही हवाई ढोल साबित होगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश को यह बताना चाहिए कि वे हर गरीब के लिए 72000 रु. की व्यवस्था किस फंड से करेंगे, वे इसके लिए कौन-कौन सी जनहित की योजनाओं को बंद करेंगे। यह बात बुधवार को नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दी गई घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए क

नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि कांग्रेस द्वारा हाल ही में की गई प्रत्येक गरीब को 72000 रुपए देने की योजना भी कर्जमाफी की तरह ही एक और छलावा साबित होने वाली है। कांग्रेस ने यह घोषणा यथार्थपरक अध्ययन के बिना सिर्फ मतदाताओं को ठगने के लिए की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस योजना के लिए फंड कहां से लाएंगे। क्या केंद्र सरकार की पहले से चल रही योजनाओं को बंद करके पैसा जुटाया जाएगा। क्या कांग्रेस आयुष्मान भारत योजना को बंद करेगी, किसान सम्मान निधि योजना को बंद करेगी, प्रधानमंत्री आवास योजना को बंद करेगी या किसी अन्य योजना को बंद करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि हर महीने 12 हजार देंगे और साल भर में 72000 रुपए देंगे, यह कौन सा गणित है, समझ में नहीं आता। नेता प्रतिपक्ष भार्गव ने कहा कि इंदिरा गांधी ने भी गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन यह नारा सिर्फ चुनावी नारा साबित हुआ। गरीबी नहीं हटी, गरीब ही हट गए। राहुल गांधी की यह घोषणा भी वैसी ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह घोषणा देश के मतदाताओं को ठगने और भ्रमित करने के लिए है, लेकिन देश का मतदाता काफी जागरूक है और वह इस भ्रमजाल में फंसने नहीं वाला।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment