देश का अंतरिक्ष महाशक्ति बनना देशवासियों के लिए गौरव की बात: राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। देश का अंतरिक्ष महाशक्ति बनना हर देशवासी के लिए गौरव की बात है। हमारे वैज्ञानिकों ने यह साबित कर दिया है कि अब दुनिया में एक नए शक्तिशाली भारत का उदय हो रहा है। यह बात बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा अंतरिक्ष में स्थापित उपग्रह को मिसाइल द्वारा मार गिराने के मिशन की कामयाबी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के वैज्ञानिकों ने बुधवार को किए गए एक परीक्षण में पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित एक उपग्रह को एंटी सैटेलाइट मिसाइल द्वारा मार गिराया। यह मिसाइल उड़ीसा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से दागी गई थी और इसने सिर्फ तीन मिनट में अपने लक्ष्य को मार गिराया। इस सफल परीक्षण के साथ ही भारत ऐसी क्षमता रखने वाला दुनिया का चैथा देश बन गया है। भारत से पहले यह क्षमता अमेरिका, रूस और चीन के पास ही थी। इस सफलता पर देश के वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई देते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा है कि हमारे वैज्ञानिकों की बदौलत अब भारत अंतरिक्ष में अपनी संपत्तियों की रक्षा में सक्षम देश बन गया है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से निर्मित इस मिसाइल ने भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी की मेक इन इंडिया पहल की सार्थकता को भी साबित किया है। राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश को एक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के विजन के साथ काम कर रही है और अब इसके परिणाम भी हासिल होने लगे हैं।