मि. बंटाढार और नकुलनाथ को चुनाव हराना आसान: अभिलाष पाण्डे

राजनीति Mar 26, 2019

कहा- दोनों के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। लगातार दो दिनों से मीडिया में छाये रहे बंटाधार दिग्विजय सिंह को भोपाल लोकसभा सीट से एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ को छिंदवाड़ा लोकसभा से चुनौती के रूप में दिखाया जा रहा है। इस पर तंज कसते हुए युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने कहा कि 15 वर्ष पूर्व जिस तरह मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह के शासनकाल में न बिजली, न सड़क न ही कोई मुलभूत सुविधाएं थीं और बिजली की कटौती से जनता परेशान थी। वहीं सड़कों के मामले में सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हुआ करते थे, या यूं कहें कि सड़क में गड्ढे थे या गड्ढों में सड़क थी, यह पता लगाना मुश्किल था। दिग्गी के ऐसे कुशासन को प्रदेश की जनता आज तक भूली नहीं है। उस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था कि चुनाव वोट से नहीं, मैनेजमेंट से जीता जाता है। आज फिर वही मिस्टर बंटाढार भोपाल संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिग्विजय सिंह के शासनकाल को प्रदेश की जनता आज भी भूली नहीं है। प्रदेश की जनता चुनाव में कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह भोपाल के लिये कोई चुनौती नहीं है। भाजपा के इस युवा नेता ने कहा कि तीन माह पहले सत्ता में काबिज हुई कमलनाथ सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर प्रदेश के किसानों के साथ धोखा किया है। कर्जमाफी के नाम पर नीले, हरे तथा पीले फार्म भरवाये गये थे, परन्तु लोकसभा चुनाव आते ही उन्होंने इस पर से मुंह फेर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई जा रही युवा स्वाभिमान योजना प्रदेश के युवाओं के लिये छलावा साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के घोषित उम्मीदवार नकुलनाथ का भी चुनाव हारना तय है। इन्हें हराने के लिये भाजपा नेतृत्व को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन यदि अवसर दे तो वे दोनों कथित नेताओं के खिलाफ चुनाव लडने को तैयार हैं।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment