बीजद वाले आएंगे, शराब और पैसा बांटेंगे, फंसना नहीं: शिवराजसिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री ने किया उड़ीसा के विकास के लिए भाजपा को जिताने का आह्वान
खबरनेशन/Khabarnation
नीमपाड़ा। चुनाव का समय है। बीजद वाले आएंगे और आप लोगों को शराब और पैसा बांटकर बरगलाएंगे। लेकिन उनके जाल में फंसना नहीं, वर्ना आपकी स्थिति भी उन पक्षियों की तरह हो जाएगी, जो सब कुछ जानते हुए भी शिकारी के जाल में फंस गए थे। उड़ीसा के नागरिकों को यह चेतावनी मंगलवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराजसिंह चौहान ने विजय संकल्प समाबेश के दौरान उड़ीसा के नीमपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बालंगा में कही।
शहीदों का अपमान करने वालों को राजनीति में रहने का हक नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने संबोधन की शुरुआत पुलवामा में शहीद हुए उड़ीसा के जवानों मनोज बेहरा और प्रसन्न साहू को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि मैं इन शहीदों को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने अपने प्राण भारत माता की रक्षा के लिए अर्पित कर दिए। लेकिन यहीं के एक विधायक देवाशीष सामंत राय ने शहीद के अंतिम संस्कार के दौरान उनके परिजनों से धक्का-मुक्की की। श्री चौहान ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नवीन बाबू से पूछना चाहता हूं कि क्या आपने उस विधायक से इस बारे में स्पष्टीकरण लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे विधायक को धक्के मारकर निकाल देना चाहिए, जिसे शहीदों का सम्मान करना नहीं आता। चौहान ने कहा कि ऐसे विधायक को राजनीति में रहने का हक ही नहीं है।
पाकिस्तान की भाषा बोल रहे सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने वाले
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के नेता सेना के पराक्रम पर सवाल उठा रहे हैं। नवीन बाबू आपको और इन नेताओं को शर्म आनी चाहिए। कभी सैम पित्रौदा बोलते हैं, कभी दिग्विजयसिंह बोलते हैं। कांग्रेस के नेता पुलवामा की घटना को कभी दुर्घटना कहते हैं, तो कभी इसे फिक्सिंग बताते हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता भारत में बैठकर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगली बार हमारी वायुसेना जब एयर स्ट्राइक करे, तो ऐसे नेताओं को विमान में बांधकर साथ ले जाना चाहिए। चौहान ने कहा कि हमारी सेना ने बता दिया कि अब भारत वो पुराना भारत नहीं है। मोदी जी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हुआ है। उन्होंने कहाक कि मुंबई हमले के बाद भारत सरकार आंखों पर पट्टी बांध कर बैठी रही, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जिन्होंने कहा था कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और हमें छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं। हमारी सेनाओं ने पुलवामा हमले के कुछ ही समय बाद पाकिस्तान से बदला ले लिया। आतंकियों के शिविर नष्ट कर दिए।
कांग्रेस ने गरीबी नहीं, गरीबों को हटा दिया
चौहान ने कहा कि इस चुनाव में एक तरफ देश को बरबाद करने वाली कांग्रेस है, जिसने 50 साल देश पर राज किया। इंदिरा जी से लेकर राजीव जी तक कांग्रेस के नेता कहते रहे गरीबी हटाओ। अब राहुल बाबा कह रहे हैं। लेकिन 50 सालों में कांग्रेस ने गरीबी नहीं हटाई, गरीबों को ही हटा दिया। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिनके नेतृत्व में एक एक वैभवशाली, शक्तिशाली, गौरवशाली, समृद्धिशाली, संपन्न भारत का उदय हो रहा है।
उड़ीसा को तबाह कर रही बिना पानी वाली सरकार
उड़ीसा की स्थिति की चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों से बदतमीजी, बदसलूकी में उड़ीसा पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जो देश और प्रदेश मां-बहनों का सम्मान नहीं कर सकता, वो कभी तरक्की नहीं कर सकता। मध्यप्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां हमने ऐसी व्यवस्था बनाई कि बहनों,बेटियों से बदसलूकी करने वाले अपराधियों को 5 दिनों में फांसी दे दी जाए। चौहान ने कहा कि उड़ीसा में महिला हिंसा के 6.2 परसेंट मामलों में ही सजा होती है। कुपोषित बच्चों के मामले में उड़ीसा देश में पहले स्थान पर है। सिंचाई की व्यवस्था नहीं है। बिजली नहीं है और बिजली आती कम, जाती ज्यादा है। किसान आत्महत्या पर उतारू हैं। चौहान ने कहा कि नवीन बाबू की सरकार में ही पानी नहीं है और बिना पानी की यह सरकार उड़ीसा को तबाह कर रही है।
हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन बाबू ईमानदार होने का बड़ा दम भर रहे हैं। नवीन बाबू खुद साफ-सुथरे बनते हैं लेकिन उनके आसपास भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने में नवीन बाबू नं.1 मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों के उदाहरण देते हुए कहा कि मनरेगा, पौधरोपण, पक्का घर योजना, शौचालय निर्माण, धान खरीदी, कांक्रीट सड़क निर्माण हर योजना में भ्रष्टाचार हुआ है। सिंचाई के काम में घोटाला हुआ है। और तो और घोटालेबाजों ने आंगनबाड़ी के बच्चों का सत्तू भी नहीं छोड़ा। इसमें भी घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचारियों की सरकार है,जिसे बर्दाश्त नहीं करना है।
केंद्र सरकार पैसा दे रही, रोक रही नवीन बाबू की सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार उड़ीसा के विकास के लिए भरपूर पैसा दे रही है, लेकिन नवीन बाबू की सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को नहीं मिलने दे रही है। उन्होंने कहा कि अगर उड़ीसा के लोगों को एक रुपया किलो चावल मिल रहा है, तो उसकी कीमत के बाकी 29 रुपये हमारी सरकार देती है। केंद्र के पैसों से सड़कें बन रही हैं, पांच सालों में हर साल 116 किमी नई रेल लाइन बिछाई गई है। पांच मेडिकल कॉलेज और एकलव्य विद्यालय बनाने के लिए पैसा दिया। किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मोदी जी की सरकार पैसा दे रही है, लेकिन मोदी जी कहीं लोगों के दिलों में न पहुंच जाएं, इस डर से नवीन बाबू ने पात्र किसानों की सूची नहीं भेजी। आयुष्मान भारत योजना भी यहां लागू नहीं की जा रही है। सरकार को लगता है कि अगर केंद्र की योजनाओं को लागू किया, तो नवीन बाबू के पैर उखड़ जाएंगे। उन्होंने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उड़ीसा में 36 लाख गैस कनेक्शन दिए हैं। 17 लाख मकान बनाए गए हैं। श्री चौहान ने कहा कि उड़ीसा के लिए जितना पैसा मोदी सरकार दे रही है, किसी और सरकार ने नहीं दिया।
नवीन बाबू की सरकार पलटने का समय आ गया
चौहान ने कहा कि नवीन बाबू को सरकार चलाते 19 साल हो गए। इसलिए इस सरकार को पलट दो, उड़ीसा का भाग्य पलट जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने एक साधु और चूहे की कहानी सुनाते हुए कहा कि नवीन बाबू जनता के आशीर्वाद से उड़ीसा में शेर बने, अब ये शेर जनता को ही खाने को उतारू है। 29 अप्रैल को अपना हाथ कमंडल में डालो और जल छिड़क कर कहो ‘ पुर्नमूसको भव:’। इस शेर को फिर चूहा बना दो, क्योंकि अगर ये फिर से सत्ता में आ गए तो उड़ीसा को बर्बाद कर देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी साधारण नेता नहीं। वे किसानों का मान हैं, माताओं का सम्मान हैं, नौजवानों की शान हैं और गरीबों का भगवान हैं। इसलिए नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि नवीन बाबू मजबूर सरकार चाहते हैं, वैशाखी वाली सरकार चाहते हैं। लेकिन देश मजबूत सरकार चाहता है, इसलिए आपको मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है।
एक हो रहे घोटालेबाज
चौहान ने कहा कि देश भर के घोटालेबाज नेता मोदी जी से परेशान हैं। राहुल बाबा उन पर आरोप लगाते हैं। तुम्हारी पार्टी को देखो, कांग्रेस आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के सभी घोटालेबाज मोदी जी के खिलाफ एक हो रहे हैं। इनके हाथ जरूर मिले हैं, लेकिन दिल नहीं मिले। ऐसी सरकार देश का भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि मोदी जी के विरोध में बन रहा महागठबंधन ठगबंधन है। श्री चौहान ने कहा कि उड़ीसा की जनता लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को जिताएगी। केंद्र में तो भाजपा की सरकार बनेगी ही, यदि यहां भी भाजपा की सरकार बन गई, तो विकास के ये दो इंजन इतनी तेजी से दोड़ेंगे कि पांच साल में उड़ीसा देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य हो जाएगा।