राहुल गांधी द्वारा गरीबों के लिये घोषित न्याय योजना का पैसा महिलाओं के खाते में जायेगा: जयवर्धनसिंह
अधिवक्ता राजेन्द्र बब्बर द्वारा प्रदेश कांग्रेस मानव अधिकार विभाग में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण, लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल, नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबों की आय बढ़ाने के लिये जो प्रस्तावित न्याय योजना की घोषणा की है वह अपने आप में काफी महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसके अंतर्गत साल भर में मिलने वाला 72 हजार रूपये सालाना केवल महिलाओं के खाते में जमा किया जायेगा। विपक्ष हल्ला मचा रहा है कि यह पैसा आयेगा कहां से ? तो मैं आपको बता दूं कि जीडीपी का केवल डेढ़ प्रतिशत इस पर खर्च होगा। योजना से देश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगीं। सिंह आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय कांग्रेस के विधि और मानव अधिकार विभाग की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि भोपाल से दिग्विजयसिंह को लोकसभा का टिकिट मिला है, इसलिये कांग्रेस की विचारधारा में आस्था रखने वाले हमारे अधिवक्ता समुदाय का दायित्व और अधिक बढ़ गया है। वे अपने अपने कार्य क्षेत्र में कांग्रेस को जिताने के लिये जोर-शोर से काम करें। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में नेताओं को विधि और कानून का ज्ञान जरूरी हो गया है। इस मामले में अधिवक्ताओं की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गयी है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आगामी लोक सभा चुनाव में कांगे्रस की विचारधारा में विश्वास रखने वाले अधिवक्ताओं का भरपूर योगदान कांगे्रस पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधि और मानव अधिकार विभाग कांग्रेस का सबसे महत्वपूर्ण विभाग है।
एआईसीसी के विधि और मानव अधिकार विभाग के नवनियुक्त समन्वयक विजय चैधरी ने कहा कि दिग्विजयसिंह और विवेक तन्खा की रूचि के कारण इस विभाग के पदाधिकारियों की नियुक्तियां संभव हो सकी हैं। सभी अधिवक्ताओं को कांग्रेस पार्टी को जिताने के लिये जुट जाना है। नवनियुक्त अध्यक्ष राजेन्द्र बब्बर ने कहा कि इस कार्यक्रम के बहाने आज से चुनाव अभियान की शुरूआत हो गयी है। सभी अधिवक्ता प्रदेश भर में अपने स्तर पर मोदी सरकार की विफलताओं का जोरशोर से प्रचार करें।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री राजीव सिंह, मो. सलीम, आभा सिंह, प्रवक्ता जे.पी. धनोपिया, दीपचंद यादव, सै. साजिद अली, महबूब अंसारी ने भी संबोधित किया। पूर्व विधायक पारस सकलेचा सहित प्रवक्ता आनंद तारण, वकील ओ.पी. यादव, विवेक चैधरी, राकेश गोहिल, सी.एम. राठौर, इंदू अवस्थी, मोहम्मद रईस खान और भोपाल अधिवक्ता समुदाय इस अवसर पर उपस्थित था। कार्यक्रम का संचालन विभाग के उपाध्यक्ष अधिवक्ता मोहम्मद लईक खान ने किया।