राहुल बताएं आखिर कब तक कांग्रेस देश की जनता से झूठे वादे करती रहेगी ?: नरेन्द्रसिंह तोमर

राजनीति Mar 26, 2019

केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कांग्रेस की न्यूनतम आय गारंटी घोषणा को बताया चुनावी शिगूफा

खबरनेशन/Khabarnation  

मुरैना। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी ने कहा था कि हम देश से गरीबी हटाएँगे। राजीव गाँधी ने कहा था कि हम देश के हर गरीब परिवार के एक सदस्य को नौकरी देंगे और अब राहुल गाँधी कह रहे हैं कि हम हर गरीब व्यक्ति को 72000 रु. सालाना देंगे। राहुल गांधी बताएं कि आखिर कब तक कांग्रेस देश की जनता से झूठे वादे करती रहेगी ? यह बात केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने मुरैना लोकसभा के जौरा में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की न्यूनतम आय गारंटी घोषणा कर्जमाफी की तरह सिर्फ चुनावी शिगूफा है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भर में प्रत्येक लोकसभा में हो रही विजय संकल्प अभियान में मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने मुरैना लोकसभा के विभिन्न गांवों में जघन जनसंपर्क कर जौरा के एसएएफ ग्राउंड में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। मंच पर मुरैना जिला अध्यक्ष केदार सिंह, श्योपुर जिला अध्यक्ष गोपाल आचार्य, जयसिंह कुशवाह, शिवमंगल सिंह तोमर, गजराज सिंह, सुबेदार सिंह, मुंशीलाल, गीता हर्षाना, अजब सिंह कुशवाह, सत्यपाल सिंह सिकरवार, अरूण तोमर, अनुप भदौरिया उपस्थित थे।

कांग्रेस का हर वादा झूठ का पुलिंदा

तोमर ने कांग्रेस के झूठ के पुलिंदे को बेनकाब करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाँधी ने मध्यप्रदेश की जनता से वायदा किया था कि यदि प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो वे प्रदेश के किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ करेंगे, मैं यहाँ मौजूद किसान भाइयों से पूछना चाहता हूँ कि क्या आपका कर्ज माफ हुआ ? तोमर ने कहा कि यदि 10 दिनों के अंदर कर्ज माफ नहीं हुआ तो राहुल गांधी मुख्यमंत्री को ही बदल देंगे। लेकिन आज वे अपने वादे को भूल चुके हैं। तोमर ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं से भी 4000 रूपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन हमेशा की तरह उनका यह वादा भी सिर्फ झूठ का पुलिंदा ही निकला।

कांग्रेस सिर्फ नारों में गरीब हितैषी बनती है

तोमर ने कहा कि श्री शिवराजसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना शुरूकर गरीब परिवार को 200 रूपए में बल्ब, टीवी और पंखा चलाने की सुविधा देने का काम किया था। लेकिन प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने इस योजना को बंदकर दिया है। तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के लाभार्थी व्यक्ति की यदि किसी कारण से मृत्यु हो जाये तो उस परिवार को 4 लाख रूपए तक की मदद भी प्रदान की जाती थी। कांग्रेस सरकार ने आते ही इस योजना को बंद कर दिया। कांग्रेस सिर्फ नारों में गरीब हितैषी बनती है, जबकि हकीकत में कांग्रेस ने हमेशा भाजपा सरकार द्वारा गरीबों के हित में चलाई जा रही योजनाओं को बंदकर गरीबों पर अत्याचार किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार पर प्रहार किया

तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पांच वर्ष में जीरो टाॅलरेंस की नीति पर भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है। यूपीए सरकार के समय देश घोटालों के कारण बदनाम हुआ करता था। कांग्रेस के कार्यकाल में बोफोर्स, कोयला, टूजी, 3जी से लेकर उनके जीजाजी तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए थे। आज कांग्रेस नेतृत्व का पूरा परिवार इन्हीं घोटालों के कारण जमानत पर है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन भी यूपीए के समय हुए घोटालों की देन है। जिन लोगों ने गठबंधन किया है, उन पर भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप है। किसी पर चिटफंड घोटाला तो किसी पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है। कुल मिलाकर यह गठबंधन ठगबंधन है, जिसे जनता इस चुनाव में पूरी तरह नकार देगी।

इस अवसर पर योगेशपाल गुप्ता, उदयवीर सिकरवार,रामनरेश शर्मा, गणेश तोमर, कमलेश कुशवाह, नीरज भदौरिया, प्रकाश त्यागी, र्मिला त्यागी, शांतिलाल अग्रवाल, अशोक शर्मा, मुन्नवर अली, वल्लभ डंडोतिया सहित मुरैना लोकसभा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment