मृतकों का सम्मान करना भी नहीं जानती कांग्रेस: राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। अलग-अलग राजनीतिक धाराओं वाले लोगों का विरोध होना लोकतंत्र में जायज है, लेकिन किसी की मृत्यु के बाद भी सिर्फ राजनीतिक लक्ष्यों पर ही ध्यान रखा जाए, यह काम सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। कांग्रेस इतनी संस्कारविहीन हो गई है कि वह मृतकों को सम्मान देना भी नहीं जानती। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने गोवा के दिवंगत मुख्यमंत्री स्व. मनोहर पर्रिकर के अंतिम संस्कार से पूर्व कांग्रेस द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री स्व. मनोहर पर्रीकर के असामयिक निधन की रात्रि में ही प्रदेश कांग्रेस ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। कांग्रेस के इस रवैये को सत्ता लोलुपता की पराकाष्ठा बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि ऐसे समय में जबकि एक लोकप्रिय जननेता के जाने से पूरा गोवा प्रदेश और देश शोकमग्न हो, कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत करके यह बता दिया है कि उसके लिए सत्ता से जरूरी और महत्वपूर्ण कुछ भी नहीं है।
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने इस कृत्य के जरिए अपने चरित्र को ही रेखांकित किया है कि कुर्सी या सत्ता के लिए कांग्रेस सामान्य शिष्टाचार तो क्या, मानवीय सरोकारों की अव्हेलना से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि अपने इस व्यवहार से कांग्रेस ने प्रदेश के लोगों और देश की जनता को एक बार फिर अपना असली चेहरा दिखा दिया है और जनता इसे याद रखेगी।