केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा का ‘भगवान बेवकूफ है’ वाले बयान से करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर गहरा आघात: शोभा ओझा

राजनीति Mar 17, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा के ‘भगवान बेवकूफ है’ बयान की घोर निंदा करते हुए कहा कि उनके इस बयान से करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर गहरा आघात पहुंचा है। भगवान शब्द में 33 करोड़ देवी-देवता समाहित हो जाते हैं। ऐसे में भगवान को बेवकूफ कहना भाजपा के सांसद नेता का मानसिक दिवालियापन प्रतीत होता है।

ओझा ने कहा कि भाजपा धर्म पर आधारित राजनीति तो करती ही है साथ ही समय-समय पर आस्था के प्रतीक भगवान को अपमानित करने से भी नहीं चूकती। 

उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश की गौतमबुद्ध नगर सीट से सांसद का ये बयान शर्मनाक है, जिसमें उन्होंने कहा कि सांसद पूरे क्षेत्र में काम करवाने में समर्थ नहीं हैं, जबकि उत्तरप्रदेश में भाजपा 325 विधायकों के साथ सत्ता पर काबिज है। वहीं लोकसभा के 68 सांसद उत्तरप्रदेश से आते हैं और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है। उसके बाद यदि कोई नेता ये कहे कि जनता के कार्य करवाने व उनके बीच पहुंचने में असमर्थ हैं तो ऐसे नेता को पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। ऐसी पार्टी को सरकार में रहने का कोई अधिकार नहीं है। 

शोभा ओझा ने कहा कि महेश शर्मा के बयान से देश का हिन्दू समुदाय आहत हुआ है। यह बयान सनातन धर्म पर भी गहरा प्रहार है। कोई भी हिन्दू सपने में भी भगवान का अपमान नहीं कर सकता। महेश शर्मा के बयान पर भाजपा ने नेताओं और विश्व हिन्दू परिषद को सार्वजनिक निंदा करनी चाहिए और महेश शर्म को तत्काल पार्टी से बाहर कर भगवान के प्रति आस्था प्रकट करने का प्रमाण प्रस्तुत करना चाहिए।

Share:


Related Articles


Leave a Comment