स्वाभिमान के नाम पर युवाओं का अपमान कर रही कांग्रेस सरकार: अभिलाष पाण्डे
युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बैंड बजाकर, बकरिया चराकर किया कांग्रेस सरकार का विरोध
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। कमलनाथ सरकार स्वाभिमान योजना के नाम पर युवाओं को बैंड बजाने और पशु चराने का प्रशिक्षण देकर उनका अपमान कर रही है। यह सरकार युवाओं को न तो रोजगार दे पाई है और न ही अपने वादे के मुताबिक बेरोजगारी भत्ता दिया है। यह बात मंगलवार को बोर्ड आफिस चैराहे पर युवा मोर्चा के विरोध प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे ने कही। कार्यकर्ताओं ने बैंड बजाकर एवं बकरिया चराकर कमलनाथ सरकार के प्रति विरोध जताया।
प्रदेश के युवाओं के साथ कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे भेदभाव को लेकर युवा मोर्चा ने मंगलवार को भोपाल के बोर्ड आफिस चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘कमलनाथ होश में आओ, नकुलनाथ से पशु चरवाओ’ के नारे लगाए। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बैंड बाजे और बकरियों के साथ प्रदर्शन कर कमलनाथ सरकार द्वारा स्वाभिमान योजना के नाम पर शिक्षित युवाओं को पशु चराने और बैंड बजाने का प्रशिक्षण दिए जाने का जमकर विरोध किया। मोर्चा कार्यकर्ता बैंड बजाते हुए बकरियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की तरफ रवाना हुए। प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विकास विरानी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष नितिन दुबे, प्रमोद राजपूत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
अपने वचन से मुकरी कांग्रेस सरकार
विरोध प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव के पहले कांग्रेस ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता और कौशल विकास देने का वचन दिया था, लेकिन सरकार बनते ही कांग्रेस अपने वचन से मुकर गयी है। कौशल विकास के नाम पर युवाओं को पशु चराने और बैंड बजाने के प्रशिक्षण की बात कही जा रही है, जो युवाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ते की बात को कांग्रेस पूरी तरह भूल चुकी है।
पांडे ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा से वादाखिलाफी करती आयी है। कर्जमाफी के नाम पर जिस तरह किसानों को भ्रमित किया गया, उसी प्रकार कमलनाथ सरकार ने युवाओं के साथ भी धोखा किया है। आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश का युवा मतदाता कांग्रेस सरकार को वोट की ताकत से जवाब देगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान जितेन्द्र सोनी, शिशिर बडकुल, अभिनव पाण्डे, मुकेश द्विवेदी, अभिमन्यु प्रताप, प्रमोद शर्मा, गोपाल तोमर सहित बडी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित थे।