भोपाल में 9 मार्च को होगा कलेक्टर कार्यालय का घेराव

राजनीति Mar 07, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

(भोपाल जिला बैठक संपन्न)

भोपाल 7 मार्च। भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा 9 मार्च को होने वाले कलेक्टर कार्यालय का घेराव के संबंध में आज प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में बैठक संपन्न हुई।

भोपाल जिला अध्यक्ष विकास विरानी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह मीणा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने कई बार प्रदेश सरकार को उसकी वादा खिलाफी के प्रति चेतावनी दी है। पार्टी के नेताओं ने कई बार सरकार से किसानों की कर्जमाफी जैसे वादों पर अमल करने का आग्रह किया, लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगी। प्रदेश के नागरिकों की उपेक्षा भारतीय जनता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी, इसीलिए पार्टी ने आगामी 9 मार्च को भोपाल जिले में कलेक्टर कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया है। कलेक्टर कार्यालय का घेराव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में किया जायेगा।

सांसद आलोक संजर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार बनने पर 10 दिनों के अंदर प्रदेश के किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने की बात कही थी। दो महीने बीत गए हैं, लेकिन ऐसा कोई किसान ढूंढने से भी नहीं मिलता, जिसका पूरा दो लाख का कर्ज माफ हुआ हो।

महापौर आलोक शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार भाजपा जनप्रतिनिधियों से उनसे उनके अधिकार छीनने का काम किया है, लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर सीधा कुठाराघात कांग्रेस सरकार कर रही है। ये महज केवल एक घटना नहीं है, प्रदेश में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कांग्रेस की स्तरहीन राजनीति का पता चलता है। लोकतन्त्र में भाजपा जनप्रतिनिधि को जनता से दूर रखकर कांग्रेस सरकार का मानसिक दिवालियापन उजागर हो गया है। प्रदेश में बढ़ते अपराध, प्रशासनिक अराजकता और तबादला उद्योग के साथ-साथ राज्य सरकार के मंत्रियों और कांग्रेस के नेताओं के व्यवहार और बयानो से जनता ने आगामी चुनाव में कांग्रेस का डब्बा गोल करने का सुनिश्चित कर लिया है।

 विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की हर घोषणा झूठी साबित हुई है और इस सरकार ने समाज के हर वर्ग के साथ धोखाधड़ी की है। सरकार के इस रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 9 मार्च को भोपाल में आंदोलन करेगी। इस आंदोलन में पार्टी समाज के उन वर्गों को भी साथ लेगी, जो इस सरकार की धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और पार्षदगण सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच संचालन अशोक सेनी ने किया।

उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र गुप्ता ने दी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment