हमें ‘कमल स्ट्राइक’ करनी है: राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
राकेश सिंह ने कहा कि आज हमारी सेनाओं ने हमें देश के भीतर और बाहर सुरक्षा की गारंटी दी है और यह गारंटी इसलिए दी है क्योंकि देश का नेतृत्व विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी का है। सेना और हथियार भी वहीं है लेकिन आज सेना का मनोबल आसमान से भी उंचा इसलिए है क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेनाओं से कहा है कि आपकी वीरता और पराक्रम पर हमें कोई शक नहीं है। देश की तरफ आंख उठाकर कोई देखे तो सेना को खुली छूट है।
आतंकवादियों ने आतंकवाद को अंजाम दिया, उसके बाद हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर यह बता दिया कि भारत देश की तरफ आंख उठाकर भी देखेंगे तो उसको छोड़ेगे नहीं। आज देश जिस रास्ते पर चल पड़ा है,वह सुरक्षा, समृध्दि और स्वाभिमान का रास्ता है। लेकिन भारत के भीतर बैठे कुछ लोगो को बढ़ता हुआ भारत अखर रहा है। देश के प्रति पराभव का सोच रखने वाली इन ताकतों को भी नियंत्रित करना आवश्यक है। देश के बाहर बैठे दुश्मनों को तो हमारी सेना सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से निपटा देती है, लेकिन देश के भीतर बैठे दुश्मनों को हमें कमल के फूल की स्ट्राइक से निपटाना है। देश को बचाने और आगे बढ़ाने का एक ही मार्ग हमारे सामने है। यह मार्ग मोदी के दिल से निकलता है और दिमाग में बस जाता है। इसीलिए आज सारी दुनिया कह रही है...मोदी है.....तो मुमकिन है।