प्रदेश में अब गरीब किसानों के लिए नहीं दलालों के लिए काम करने वाली सरकार हैः अमित शाह

राजनीति Mar 06, 2019

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- दो महीने में दिखने लगा सरकार-सरकार का फर्क

खबरनेशन/Khabarnation  

सागर। कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर प्रदेश के किसानों को छला है। पिछले दो महीनों के शासनकाल में यह स्पष्ट हो गया है कि यह सरकार किसानों के आंसू पोंछने वाली सरकार नहीं है, बल्कि ये दलालों के साथ ऐशो आराम करने वाली सरकार है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के सागर में आयोजित पालक-संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने प्रदेश की दिशा ही बदल दी है।

प्रदेश का संगठन सबसे मजबूत

राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि आज मैं बुंदेलखंड की वीरभूमि पर आया हूं। महाराजा छत्रसाल की भूमि। बाजीराव पेशवा की भूमि रही है। इस वीर भूमि को मैं बार बार प्रणाम करता हूं। शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी पार्टियों से एक अलग प्रकार की पार्टी है। अन्य सभी राजनीतिक दल नेताओं के आधार पर चुनाव जीतते हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो कार्यकर्ताओं के आधार पर चुनाव लड़ती और जीतती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने कठिन से कठिन चुनाव में पार्टी की नैया पार लगाने का काम किया है। मध्यप्रदेश का संगठन सबसे मजबूत है और सबसे नीचे तक है। ये कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता सिंधिया जैसे कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही परिणाम है।

कर्जमाफी के नाम पर किसानों को छला

शाह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों को छला है। सरकार किसानों के पैसे से ही कर्जमाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों का 50 हजार करोड़ का कर्ज माफ करना था, लेकिन इस सरकार ने अभी तक पांच हजार करोड़ का भी कर्ज माफ नहीं किया। शाह ने कहा कि किसानों के साथ हुए इस छलावे को हमें मुद्दा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सरकार को किसानों की नहीं, दलालों की और अपने ऐशो आराम की चिंता है, इस परिवर्तन को लेकर हमें जन-जन तक जाना चाहिए।

Share:


Related Articles


Leave a Comment