बहुत चेताया, अब किसानों और युवाओं से धोखाधड़ी के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपाः राकेश सिंह

राजनीति Mar 06, 2019

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- प्रदेश भर में 9 मार्च को भाजपा करेगी कलेक्टर कार्यालयों का घेराव

खबरनेशन/Khabarnation   


भोपाल/जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कई बार प्रदेश सरकार को उसकी वादा खिलाफी के प्रति चेतावनी दी। पार्टी के नेताओं ने कई बार सरकार से किसानों की कर्जमाफी जैसे वादों पर अमल करने का आग्रह किया, लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगी। प्रदेश के नागरिकों की उपेक्षा भारतीय जनता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी, इसीलिए पार्टी ने आगामी 9 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर कार्यालयों के घेराव का निर्णय लिया है। यह बात बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने जबलपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की हर घोषणा झूठी साबित हुई है और इस सरकार ने समाज के हर वर्ग के साथ धोखाधड़ी की है। सरकार के इस रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 9 मार्च को पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। इस आंदोलन में पार्टी समाज के उन वर्गों को भी साथ लेगी, जो इस सरकार की धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं।

किसानों के पेट पर लात मार रही प्रदेश सरकार

प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार बनने पर 10 दिनों के अंदर प्रदेश के किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने की बात कही थी। दो महीने बीत गए हैं, लेकिन ऐसा कोई किसान ढूंढने से भी नहीं मिलता, जिसका पूरा दो लाख का कर्ज माफ हुआ हो। दिखावे के तौर पर सरकार ने किसी किसान के खाते में 10 तो किसी के खाते में 20 हजार रुपए डाले हैं। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसान समृद्धि योजना शुरू की, जिसके अंतर्गत 5 एकड़ तक के प्रत्येक किसान को 6 हजार रुपए की राशि दी जाना है। देश के अन्य राज्यों में इस योजना की पहली किश्त के दो हजार रुपए किसानों के खातों में पहुंच भी गए हैं, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार ने अब तक पात्र किसानों की सूची भी केंद्र को नहीं भेजी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कमलनाथ सरकार को डर है कि कहीं ऐसा न हो कि खाते में राशि पहुंचने पर प्रदेश के किसान मोदी सरकार और भाजपा की तरफ आकर्षित हो जाएं। 

सिंह ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं को अगर राजनीति करनी है, तो हमारे साथ करें, भाजपा के साथ करें, किसानों के साथ राजनीति क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार प्रदेश के किसानों के पेट पर लात मार रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी सहन नहीं करेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment