सिर्फ तबादले करके बदलाव लाना चाहती है कमलनाथ सरकारः विष्णुदत्त शर्मा
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। बदलाव का नारा देकर सत्ता में आई कमलनाथ सरकार के पास प्रदेश के विकास के लिए न तो कोई दृष्टि है, न कोई योजना है। यह सरकार बदलाव के नाम पर सिर्फ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले कर रही है और अराजकता की इसी स्थिति को प्रदेश में बदलाव के रूप में देख रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और चांचोड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह द्वारा तबादलों को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मणसिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा तबादलों को लेकर अपनाए जा रहे तौर-तरीकों को गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि तबादले एक बार में करना चाहिए फिर बेन लगा देना चाहिए। इसके साथ ही एक अधिकारी का ट्रांसफर होने के बाद उसे कैंसिल नहीं करना चाहिए। कांग्रेस विधायक लक्ष्मणसिंह द्वारा अपनी ही सरकार को तबादलों के मामले में कठघरे में खड़ा करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस का बदलाव का नारा सिर्फ प्रदेश की जनता को सब्जबाग दिखाने के लिए था। वास्तव में कांग्रेस और उसके नेताओं के पास प्रदेश के विकास के लिए न तो कोई योजना है और न ही उनके पास वो विजन है। यदि कांग्रेस में वास्तव में बदलाव की क्षमता होती, तो उसके 50 सालों के शासन में प्रदेश बीमारू राज्य नहीं बनता।
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने दो महीनों के शासनकाल में प्रदेश में एक भी सुखद बदलाव नहीं ला सकी है। कानून व्यवस्था चरमरा गई है और प्रशासन लगातार तबादलों से चकराया हुआ है। कुल मिलाकर प्रदेश में अराजकता जैसी स्थिति है। ऐसी स्थिति में लगातार तबादलों से स्थिति और बिगड़ती जा रही है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि एक तरफ कमलनाथ सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रदेश की आर्थिक स्थिति का रोना रोती है, दूसरी तरह शासकीय स्तर पर तबादले करके सरकारी खजाने पर करोड़ों रुपए का भार डाल रही है। श्री शर्मा ने कहा कि सरकार के मंत्री अपनी और अपने चहेतों की जेबें भरने के लिए तबादला उद्योग चला रहे हैं।