स्वच्छता में हैट्रिक बनाने वाले शहर इंदौर की सांसद होकर मैं गौरवान्वित हूँ: सुमित्रा महाजन

राजनीति Mar 06, 2019

एक बार शीर्ष पर पहुंचकर उस मुकाम पर कायम रहना सरल नहीं होता 

खबरनेशन/Khabarnation  

इंदौर। स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर की हैट्रिक पर प्रतिक्रिया देते हुए लोक सभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा कि मुझे इंदौर के स्वच्छता सर्वेक्षण में हैट्रिक बनाने के पर बेहद ख़ुशी हुई। ऐसे शहर की सांसद होने पर मुझे गर्व का अनुभव हो रहा है। और गर्व का यह अहसास दिलाने के लिए तथा इस स्वच्छता मिशन में शीर्ष पर आने के लिए हर इंदौरवासी सहित हमारे सफाई कर्मचारी,  माननीय महापौर  मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ के मार्गदर्शन में सभी पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, हरेक को ह्रदयपूर्वक बधाई देती हूँ।

आपने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अव्वल आने के लिए कई नवाचार किए हैं। लगातार तीन वर्षों तक शीर्ष पर रहना सरल नहीं होता। एक बार स्थान बनाकर उस पर कायम रहना और भी कठिन काम था। ट्रेचिंग ग्राउंड को खत्म कर वहां नए प्रयोग शुरू किए। कचरे की प्रोसेसिंग, निपटान के लिए बेहतर प्रयास किए। धार्मिक स्थलों की सफ़ाई के लिए विशेष अभियान आयोजित हुए, सार्वजनिक टॉयलेट्स की सुलभ व्यवस्था करना, बाज़ारों में डिस्पोजेबल आइटम्स को कम से कम करना, क्या-क्या नहीं किया? वेस्ट मैनेजमेंट में बेस्ट काम किया है। 

महाजन ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता अभियान का शंखनाद किया था और जो अलख जगाई थी आज वह पूरे देश में सार्थक होते नजर आ रही है। पूरे देश में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। मुझे आशा है कि रीड्यूज, रीयूज़ एवं रीसायकल के मंत्र को आगे लेकर हम आगे बढ़ेंगे। 

मेरा शहर के हर नागरिक से अनुरोध है कि वे अपने घर - दुकान पर सफाई के लिए आने वाले सफाईकर्मी का सम्मान करें, क्योंकि अंततः यह सफलता उनके ही अनथक परिश्रम का परिणाम है।

मुझे भोपाल और उज्जैन को मिली सफलता पर बहुत ख़ुशी हो रही है. मैं भोपाल व उज्जैन के नागरिकों को भी बधाई देती हूँ।
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment