झूठा श्रेय लूटने के लिए विश्वास सारंग जैसे नेताओं द्वारा की जा रही गुंडागर्दी अब बर्दाश्त नहीं: शोभा ओझा
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने पूर्व भाजपा विधायक विश्वास सारंग पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के कारण दर्ज हुए गैर जमानती अपराध के मामले में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के नेता अपनी सरकार चले जाने के सदमे से अभी तक उबर नहीं पाए हैं और उनके लिए यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा है कि पिछले 15 वर्षों का जंगलराज, माफियाराज, गुंडाराज अब समाप्त हो चुका है। कांग्रेस की जनहितैशी कमलनाथ सरकार इस प्रदेश में काबिज हो चुकी है जो अपने वचन-पत्र के एक-एक संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता से लगी हुई है।
ओझा ने कहा कि राजधानी परियोजना के तहत लगभग 1 करोड़ 21 लाख रूपये की लागत से अशोका गार्डन स्थित जिस स्वामी विवेकानंद कलावीथिका पार्क का उद्घाटन मंगलवार को जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा करने वाले थे, उसका अनाधिकृत रूप से दो दिन पहले ही रविवार को बलात् उद्घाटन कर सारंग ने अपनी आपराधिक मानसिकता का परिचय दे दिया है। जिसके कारण उन पर धारा 427, धारा 353 के तहत गैर जमानती आपराधिक मामला दर्ज हुआ है।
ओझा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर शिवराज सिंह चैहान और विश्वास सारंग तक भाजपा के सारे नेता हर कार्यक्रम व फैसले का जर्बदस्ती श्रेय लेने की कोशिस करते रहे हैं, और कर रहे हैं। लेकिन जनता अब नकाब के पीछे छिपे इनके असली चेहरों को पहचान चुकी है और गत् विधानसभा चुनावों की तरह आगामी लोकसभा चुनाव में भी इनको करारा सबक सिखाएगी।
ओझा ने अपने वक्तव्य के अंत मेें कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा किये जा रहे जनहितैषी कार्याें का श्रेय लूटने के लिए गुंडागर्दी पर उतारू विश्वास सारंग जैसे नेताओं को अब यह समझ लेना चाहिए कि प्रदेश की जनता, कांग्रेस के कार्यकर्ता और प्रशासन पूरी तरह सजग है जो ऐसी गुंडागर्दियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।