पूरे देश में सैनिकों की शहादत से शोक व्याप्त है ऐसे में भाजपा किस बात की विजय संकल्प रैली निकाल रही है?: नरेन्द्र सलूजा
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर सहित भाजपा के तमाम नेताओं ने राष्ट्रव्यापी विजय संकल्प रैली में शामिल होकर इसकी प्रदेश से आज शुरुआत की। पूरे देश में सैनिकों की शहादत से शोक व्याप्त है। ऐसे में भाजपा किस बात की विजय संकल्प रैली निकाल रही है।
सलूजा ने कहा कि देश भर में आयोजित हुईं इन रैलियों में युवाओं को भाजपा के लिये विजय का संकल्प दिलाया गया है। एक ओर पूरा देश आतंकी हमलों में 44 जवानों की मृत्यु के बाद शोक में डूबा है और दूसरी ओर भाजपा ने विजय संकल्प रैली निकालकर बेशर्मी की हदें पार कर दी हैं। केवल रैली ही नहीं निकाली बल्कि शोक के समय भाजपा को जीतने के सपने देखते हुए दंभपूर्वक कह रहे हैं कि मध्यप्रदेश में पिछली बार हमने 26 सीटें जीती थीं, अब पूरी 29 सीटें जीतना है। एक ओर आतंकी हमलों में शहादत का सिलसिला जारी है और दूसरी ओर भाजपा राजनीतिक रैलियां निकालकर खुशियां मनाने में लगी है। कल कुपवाड़ा में फिर एक आतंकी हमले में पांच जवानों की जान चली गयी। एक माँ और उसके छोटे बच्चे सहित अन्य नागरिकों की जानें भी चली गयीं और कुछ निर्दोष गंभीर रूप से घायल हो गये। आज तड़के पुलवामा में फिर धमाका हुआ और ऐसे में भाजपा को विजय का संकल्प दिख रहा है।
नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि भाजपा को विजय की चिंता है, यदि भाजपा को देश की चिंता होती तो वे देश से आतंकवाद हटाने का संकल्प लेते न कि भाजपा की विजय का। यह समय जय और विजय का नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा के लिये एक साथ खडे़ होने का समय है। ऐसे समय में भी भाजपा को राजनीति सूझ रही है। बड़े शर्म की बात है।