प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा नए भारत का उदयः शिवराज सिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश में हर तरफ अराजकता का माहौल
खबरनेशन/Khabarnation
मुरैना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हुआ है। नया भारत वैभवशाली और समृद्धिशाली है, जो आतंकवाद को पूरी दुनिया में चुनौती देने को तैयार है। आतंकवाद को खत्म ही नहीं करना है, बल्कि उसकी कब्र खोद देंगे। मोदी जी के नेतृत्व में भारत सिरमौर बनेगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने मुरैना-श्योपुर लोकसभा क्षेत्र के पालक संयोजक व बूथ समिति सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहीस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष केदार सिंह यादव ने की। कार्यक्रम में सांसद अनूप मिश्रा, संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ, श्योपुर जिला अध्यक्ष गोपाल आचार्य, लोकसभा प्रभारी जयसिंह कुशवाह, लोकसभा संयोजक शिवमंगलसिंह तोमर, अशोक अर्गल विजयपुर विधायक, सीताराम आदिवासी जिला पंचायत अध्यक्ष, गीता हरसाना मंचासीन थे।
मुरैना के शूरवीर कर रहे सीमाओं की रक्षा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि सीमा पर संघर्ष का शंख बज चुका है। युद्ध के नगाड़े बज रहे हैं। आतंकवाद और उसके सरपरस्तों से संघर्ष जारी है। देश की सेना ने पुलवामा में शहीद हुए 40 जवानों का बदला ले लिया है। हमारी वायुसेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों का खात्मा कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात शूरवीर सैनिक मुरैना के हैं। चौहान ने कहा कि हमारा देश अब वो भारत नहीं है, जिसे कोई छोटा मोटा देश आँखें दिखाए।