केंद्र सरकार जानबूझकर जारी नहीं कर रही सांसद निधि: कांतिलाल भूरिया

राजनीति Feb 20, 2019

सांसद निधि से होने वाले विकास कार्य रूके 
प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल, सांसद कांतिलाल भूरिया ने सांसद निधि की दो किश्ते जानबूझकर जारी न करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस पर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात तो यह है कि इस मामले में सभी भाजपा सांसद चुप हैं। 

भूरिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2017-2018 की दूसरी किश्त और 2018-2019 की पहली किश्त अभी तक जारी नहीं करने के कारण सांसद निधि से किये जाने वाले लोकहित के विकास कार्य रूक गये हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा भेजे गये झाबुआ संसदीय क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव किश्त जारी न होने के कारण कलेक्टर के पास धूल खा रहे हैं। ऐसी स्थिति में यह आशंका बलवती हो गयी है कि लोकसभा चुनाव से पहले ये विकास कार्य पूरे नहीं हो पायेंगे। चुनाव की घोषणा होते ही मार्च के प्रथम सप्ताह में आचार संहिता लग जायेगी और तब विकास कार्यों के लिये सांसद निधि स्वीकृत नहीं की जा सकेगी। भूरिया ने कहा कि ऐसी स्थिति जानबूझकर निर्मित की जा रही है, ताकि सांसद विकास कार्य न करा पायें।

कांतिलाल भूरिया ने कहा कि लोकहित में किये जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेदभावपूर्ण नीति अपनाकर आम जनता को विकास कार्यों के लाभ से वंचित किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिकूल वातावरण निर्मित किया जा रहा है। इसकी जितनी निंदा की जाये उतनी कम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को मध्यप्रदेश के लिये सांसद निधि की राशि शीघ्र जारी कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिये।

Share:


Related Articles


Leave a Comment