भारत के भव्य निर्माण के लिए मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने की आवश्यकता: तोमर

राजनीति Feb 18, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

अशोकनगर। भारत में बटवारे के बीज से ही आतंकवाद का जन्म हुआ है, तभी से हमारी सेना इस आतंकवाद से जूझ रही है। कश्मीर भारत का हिस्सा बना रहे इसलिए भारतीय जनता पार्टी के प्रथम अध्यक्ष डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में अपना बलिदान दिया था और आज कश्मीर भारत का अंग है। लेकिन पाकिस्तान भारत की तरक्की नहीं देख पाता और भारत में आतंकवादी गतिविधियों का बढ़ावा देता है। भारत के भव्य निर्माण के लिए मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए देश को आज आवश्यकता है। यह बात केन्द्रीय पंचायत मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने सोमवार को गुना लोकसभा के बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। 

उन्होंने कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों को एवं भाजपा के पितृ पुरुष पं.दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही घोषणा की थी कि देश में आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा था कि पहली गोली हमारी तरफ से नहीं चलेगी, पर बाद में हमारी तरफ से गोलियां गिनी नहीं जाएंगी। इसी का परिणाम है कि कश्मीर में पहले राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा नहीं फहरता था, किंतु आज वहां शान से तिरंगा फहराया जाता है। आज आतंकवादी और उनके हुक्मरान भी हताश हैं। लेकिन इस बीच पुुलवामा में जो घटना घटित हुई है, उससे सारे देश में आक्रोश है। 

तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल में भी वही आग जल रही है, जो जनता के दिल में है। इसलिए प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दे दी है, हम खून के एक-एक कतरे का हिसाब लेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया के नक्शे पर भारत की शान मोदी ने बढ़ाई है। दुनिया की अर्थ व्यवस्था में हम छठवे क्रम पर पहुंच चुके हैं और अब पांचवे क्रम पर आने वाले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश को प्रदान की गईं उपलब्धियों के बारे में कहा कि देश में 6 लाख करोड़ की लागत से हाइवे बनाए जा रहे हैं। 1 लाख 35 हजार किमी की सडकें गांवों में बनाई जा चुकी हैं। 9 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं, 13 करोड़ गैस सिलेंडर वितरित किए गए हैं। 

उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ राहुल गांधी है, जो सदैव झूठ बोलते हैं, राहुल ने विधानसभा चुनाव के पूर्व कहा था कि 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री हटा देंगे, किंतु अभी तक प्रदेश में एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ है। अब क्या कांग्रेस मुख्यमंत्री पद से कमलनाथ को हटाऐंगी?   

इस अवसर पर संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ, लोकसभा प्रभारी महेन्द्र सिंह यादव, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष  रणवीर सिंह रावत, नरेन्द्र बिरथरे, सूर्यप्रकाश तिवारी, जयकुमार सिंघई, धर्मेन्द्र रघुवंशी, राधेश्याम पारिख, सुशील रघुवंशी, सुशीला साहू आदि मंच पर उपस्थित थे। आयोजन में अशोकनगर, गुना, शिवपुरी जिले के बूथ कार्यकर्ता बढ़ी संख्या में उपस्थित थे।

 


   

Share:


Related Articles


Leave a Comment