सरकार के झूठ तंत्र को तोड़ने का समय है: गोपाल भार्गव
खबरनेशन/Khabarnation
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे करके सत्ता में आई है। कांग्रेस ने किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन अब प्रक्रिया को लंबा खींचने के बहाने तलाश रही है। भार्गव ने कहा कि सरकार के झूठ का अंदाज इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि कर्जमाफी के लिए करीब 50 हजार करोड़ की जरूरत है, लेकिन सरकार ने उसके लिए 5 हजार करोड़ का आवंटन किया है। भार्गव ने कहा कि आतंकियों को सम्मान देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह जैसे लोग यदि प्रदेश की सरकार को चलाएंगे, तो प्रदेश का हाल क्या होगा, इसका अंदाज लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी ही झूठी बातों, असफलताओं को जनता के सामने लाने का समय आ गया है। भार्गव ने कहा कि मीडिया प्रतिनिधि पार्टी की आंख, नाक, कान हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रतिनिधि यदि अपने-आपको उम्मीदवार मानकर पूरी मेहनत और तन्मयता के साथ काम करें, तो लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतना कोई मुश्किल काम नहीं है।