एक नरेंद्र ने कल्पना की, दूसरा बना रहा भारत को विश्वगुरुः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Feb 18, 2019

पार्टी की मीडिया वर्कशॉप में वक्ताओं ने कहा- कांग्रेस के झूठ को सामने लाएं

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। सालों पहले एक नरेंद्र (स्वामी विवेकानंद) ने एक कल्पना की थी और इस कल्पना में उन्होंने भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित होते देखा था। दूसरा नरेंद्र (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) उनकी इस कल्पना को साकार कर रहा है, भारत को विश्वगुरु बनाने का काम कर रहा है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी की मीडिया कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की आम जनता को लाभ पहुंचाने वाली केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदेश के लोगों तक पहुंचाना मीडिया प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

झूठ बोलते हैं कांग्रेस और राहुल गांधी

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी सबसे ज्यादा झूठ बोलते हैं। प्रदेश की भोली-भाली जनता से झूठे वादे करके कांग्रेस ने किसी तरह सरकार तो बना ली, लेकिन अब कांग्रेस सरकार इन वादों से पीछे हट रही है। तबादला उद्योग फिर पनप गया है। प्रदेश में डाकू समस्या फिर सिर उठाने लगी है और अपराध बढ़ रहे हैं। मंदिरों के पुजारियों का मानदेय बढ़ाने का फैसला भाजपा सरकार ने लिया, कमलनाथ सरकार उसे अपना काम बता रही है। लेकिन कमलनाथ सरकार यह नहीं बताती कि प्रदेश की कला मंडलियों को भाजपा सरकार द्वारा ढोल-मंजीरे खरीदने के लिए दी गई राशि भी प्रदेश सरकार वापस मंगा रही है। चौहान ने कहा कि सरकार के इस झूठ को, करनी और कथनी के फर्क को जनता के सामने लाने का काम मीडिया प्रतिनिधियों का है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment