यह सुरजेवाला की नहीं राहुल के झूठ की हार हैः विश्वास सारंग
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। प्रदेश के पूर्व मंत्री और लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा के सह प्रभारी विश्वास सारंग ने कहा है कि जींद में कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला की हार मात्र एक प्रत्याशी की हार नहीं है, बल्कि श्री राहुल गांधी के उस माउथ पीस की हार है जो दिन भर झूठ बोलता है।
सारंग ने कहा कि उन्होंने अपने हरियाणा प्रवास के दौरान पाया है कि वहां कांग्रेस का कोई नाम लेवा नहीं बचा है। ऐसी स्थिति के लिए सुरजेवाला जैसे लोग ही जिम्मेदार है, जो राहुल गांधी के अत्यधिक निकट जाने की लालसा में झूठ का जाप करते रहते है। इस नाते यह स्पष्ट होता है कि यह राहुल गांधी के झूठ की हार है और राहुल गांधी के झूठ को फैलाने का ठेका जिन लोगों के पास है, उनकी भी हार है। इसके ठीक विपरीत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जनहितैषी नीतियों के कारण भाजपा की लोकप्रियता शिखर छू रही है। हाल ही में हुए स्थानीय निकाय के चुनाव में भाजपा को मिली भारी सफलता इस बात का प्रतीक है। आने वाले लोकसभा चुनाव में हरियाणा राज्य से सभी सीटें जीतकर भाजपा कार्यकर्ता मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।