भाजपाई मंत्रियो ने सम्पति में कई गुना वृद्धि होने से नही की थी घोषणा: शोभा ओझा
खबरनेशन/Khabarnation
कांग्रेस सरकार के मंत्रियों द्वारा सम्पति की घोषणा की पहल का स्वागत
भोपाल, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की सरकार द्वारा अपने मंत्रियों की सम्पति को हर साल घोषित करने की व्यवस्था को लागू करने की पहल का स्वागत किया है। ओझा ने कहा कि कांग्रेस अपने वचन पत्र के प्रत्येक बिंदु का पालन करेगी। सम्पति की घोषणा भी इनमे से एक है। मुख्यमंत्री की इस पहल से भ्रष्टाचार की आशंका बिल्कुल समाप्त हो जाएगी ।
शोभा ओझा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ होने के बाद घोषणा की थी कि उसके मुख्यमंत्री और मंत्रीगण प्रतिवर्ष विधानसभा के सदन में पटल पर अपनी संपत्ति का विवरण सार्वजनिक करेंगे। लेकिन साल 2013 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के 1-2 मंत्री को छोड़कर किसी ने भी अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया। भाजपा का यह कृत्य उसकी कथनी और करनी को परिलक्षित करता है। यहां तक कि भाजपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने भी वर्ष 2013 से लेकर 2018 तक अपनी संपत्ति को सार्वजनिक नहीं किया। इसका मुख्य कारण भाजपा मुख्यमंत्री और उसके मंत्रियों द्वारा कमाई गई अनाप-शनाप दौलत रही। भाजपा सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री सहित उनके मंत्रियों की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हुई है। भ्रष्टाचार के जरिए कमाई गई संपत्ति में 2 गुना से लेकर 10 गुना तक का इजाफा हुआ है।
शोभा ओझा ने कहा कि शुचिता और ईमानदारी की बात करने वाली भाजपा और उसके तत्कालीन मंत्रीगण मध्य प्रदेश को आर्थिक रूप से खोखला करते रहे है। जबकि शिवराज सिंह चैहान ने वर्ष 2010 में स्वयं ऐलान किया था कि उनके मंत्रीगण प्रतिवर्ष अपनी संपत्ति की घोषणा करेंगे, लेकिन भाजपा सरकार मैं जब खुलकर भ्रष्टाचार होने लगा तथा उसमें उनके परिजन भी शामिल होने लगे तो उन्होंने संपत्ति की सार्वजनिक घोषणा से मुंह फेर लिया। शोभा ओझा के अनुसार हाल के विधानसभा चुनाव में नाम निर्देशन पत्र दाखिल करते समय भाजपाइयों को अपनी संपत्ति का विवरण मजबूरी में देना पड़ा, जिससे पता चलता है कि भाजपाई मुख्यमंत्री सहित उनके मंत्रियो ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं पार कर अपनी संपत्ति में कई गुना इजाफा कर लिया है। भाजपा जब सत्ता में नहीं थी, तब वह भय, भूख और भ्रष्टाचार का नारा देती थी। लेकिन भाजपा के सरकार में आने के बाद लोगों में भय व्याप्त हुआ, कुपोषण बढा और भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड ध्वस्त हो गए।
शोभा ओझा ने भाजपा और उसके मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चैहान को सलाह दी है कि वह अभी भी अपनी संपत्ति को सार्वजनिक कर सकते हैं। उन्हें और
उनके मंत्रियो को जनता को यह बताना होगा कि उन्होंने भाजपा शासनकाल में कितनी संपत्ति अर्जित की।