अपनी असफलता छुपाने आरएसएस, भाजपा पर आरोप लगा रही कांग्रेसः डॉ. दीपक विजयवर्गीय

राजनीति Jan 20, 2019

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो रही है। ऐसे में अपनी इन असफलताओं को छुपाने के लिए कांग्रेस और उसके नेता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। यह बात शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के बयान पर टिप्पणी करते हुए कही।

प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने मीडिया से चर्चा के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर बम बनाने की ट्रेनिंग देने का आरोप लगाया था। उनके इस बयान को निंदनीय और वास्तविकता से परे बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा है कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही प्रदेश में अपराध बढ़ने लगे हैं। सरे राह लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। कांग्रेस सरकार न तो अपराधों पर अंकुश लगा पा रही है और ना ही कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार ला पा रही है। ऐसे में अपनी इस असफलता को ढांकने के लिए कांग्रेस नेता और सरकार के मंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे राष्ट्रवादी संगठन पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा यदि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाने वाले मंत्री और नेता प्रदेश से अराजकता को समाप्त करने और कानून व्यवस्था सुधारने के प्रयास करें। डॉ. विजयवर्गीय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कैसा संगठन है, यह बात पं. जवाहरलाल नेहरू और स्व. इंदिरा गांधी भलीभांति जानते थे।

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment