बच्चे बाहर जाकर पढ़ाई करें, कमरों का किराया देगा मामा : मुख्यमंत्री
खबरनेशन/Khabarnation
छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने की घोषणा
अम्बाड़ा में केंद्रीय कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने भी सभा को संबोधित किया
जुन्नारदेव। बाहर रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को दोतरफा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्हें पढ़ाई का खर्च तो उठाना ही पड़ता है, जिन कमरों में वे रहते हैं, उनका किराया भी देना पड़ता है। हमने उन बच्चों की बातें सुनी हैं। अब बाहर रहकर पढ़ने वाले भांजे.भांजियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उनके कमरों का किराया उनके माता.पिता को नहीं देना होगा। कमरों का किराया उनका मामा भरेगा। यह घोषणा शुक्रवार को जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में आयोजित सभा में की। मुख्यमंत्री ने यहां 1.89 करोड़ रुपए से बनने वाले सरोवर का भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को छिंदवाड़ा जिले के ग्रामीण अंचल में पहुंची। यात्रा की शुरुआत जुन्नारदेव से हुई। मौसम खराब होने के कारण सड़क मार्ग से जुन्नारदेव पहुंचे मुख्यमंत्री का लोगों ने आत्मीय स्वागत किया। सभा स्थल तक के रास्ते में लोगों ने कई जगह रोककर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, मंत्री गौरीशंकर बिसेन, स्थानीय विधायक नत्थन शाह एवं स्थानीय नेता उपस्थित थे।