कार्यकर्ताओं की बदौलत पहले से भी अच्छा प्रदर्शन करेगी पार्टी : राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
ऑडियो कान्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष ने की जिला अध्यक्षों, महामंत्रियों से की चर्चा
भोपाल। प्रदेश के परिपक्व और अनुभवी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भारतीय जनता पार्टी हर मोर्चे पर अच्छा प्रदर्शन करती रही है। यही कारण है कि प्रदेश के इन कार्यकर्ताओं की चर्चा दिल्ली तक है। इस बार भी हम इन्हीं कार्यकर्ताओं की बदौलत पहले से भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। यह बात प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों एवं महामंत्रियों से ऑडियो कांफ्रेंस के जरिए हुई चर्चा में कही। इस दौरान सिंह ने राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी भी जिला पदाधिकारियों को दी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने गुरूवार को पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ ऑडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। राकेश सिंह ने जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों का कुशलक्षेम पूछते हुए सभी पदाधिकारियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी और 25 सितंबर को राजधानी में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद निश्चित तौर पर हम लोगों ने तकनीकी के महत्व को अपनी संगठनात्मक रचना का हिस्सा बनाया है और यह कान्फ्रेंस उसी का उदाहरण है।