गरीबों की जाति नहीं होती, सभी का कल्याण करना हैः शिवराजसिंह चौहान
खबरनेशन/Khabarnation
खंडवा जिले के जावर, पुनासा पहुंची मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा
मुख्यमंत्री ने जावर में उद्वहन सिंचाई योजना का शिलान्यास
और खण्डवा में मेडिकल कालेज का उद्घाटन किया
खंडवा। गरीबों में जातिभेद नहीं होता। मुझे सभी गरीबों का कल्याण करना है। यह बात को ध्यान में रखकर बिना किसी भेदभाव के सभी गरीबों के लिए संबल योजना बनाई। इस योजना में अब तक 2 करोड़, 20 लाख रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गुरुवार को खंडवा जिले के जावर में सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब चाहे किसी भी वर्ग के हों, उन्हें चार सालों में मकान बनाकर दूंगा। जावर रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने खण्डवा में मेडिकल कालेज का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह की जन आशीर्वाद यात्रा गुरुवार को खंडवा जिले के जावर में पहुंची। यहां भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हेलीपेड पर उत्साह से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हेलीपेड से सभा स्थल तक के रास्ते में मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के सभा स्थल पहुंचने पर 100 से अधिक निमाड़ी और आदिवासी लोक कलाकारों के दल ने परंपरागत वाद्यों के साथ गणगौर और आदिवासी लोकनृत्य से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अगवानी की। मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने सभा स्थल पर ही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास एवं पूजन किया।