आगे बढ़ता देश जिन्हें खटक रहा है वे षडयंत्र कर रहें हैं : राकेश सिंह

राजनीति Sep 04, 2018

खबरनेशन/khabarnation  
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 4 वर्षों में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। एक ओर यह गौरव का विषय है, वहीं कई देशों की आखों में भारत का बढ़ता मान कुछ लोगों की आंखों में कांटों की तरह चुभता है। वे नहीं चाहते कि अगली बार भारत में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने, इसके लिए अनेक विरोधी ताकतें काम कर रही हैं। कांग्रेस इन ताकतों का हिस्सा बनी हुई है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद राकेश सिंह ने सोमवार को रीवा के अटलकुंज में जिला बैठक को संबोधित करते हुए कही।

   राकेश सिंह दो दिवसीय रीवा, सीधी, सिंगरौली जिला प्रवास के तहत आज रीवा पहुंचे थे। जिला बैठक के पश्चात् उन्होंने रीवा जिले की विधानसभा बैठकों में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। जिला बैठक को पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश शासन के मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने भी संबोधित किया।

    राकेश सिंह ने कहा कि 2018 विधानसभा के चुनाव, लोकसभा चुनाव की नींव रखने जा रहे हैं। इस दृष्टि से कांग्रेस और विरोधी ताकतें वर्गों और जातियों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। सोशल मीडिया का दुरूपयोग किया जा रहा है। बहुसंख्यक वर्ग के बीच दीवार खड़ी की जा रही है और इन सबके पीछे वे सारी ताकतें काम कर रही हैं, जो यह नहीं चाहती हैं कि 2019 में नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें। क्योंकि उन्हें पता कि नरेंद्र मोदी पुनः प्रधानमंत्री बने तो भारत विश्व का नेतृत्व करेगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment