पीठ के पीछे नहीं सामने आकर बात करने की ताकत है: अजय सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
पीठ तो शिवराज जी ने दिखाई अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से भागकर
मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश थी तो गृहमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामले में फसाने की कड़ी निंदा की
भोपाल, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी पीठ के पीछे वार नहीं किया, उनके अंदर ताकत है इसलिए वे लोकतांत्रिक तरीके से दो बार शिवराज सिंह चौहान की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए और शिवराज सिंह जो सामने आकर बात करने को कह रहे हैं, वे पीठ दिखाकर भाग गए। नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि जहां तक गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का, मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रचने का आरोप है तो सबसे पहले तो गृहमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उनकी गुप्तचर फेल है। प्रदेश की जनता और महिलाओं की रक्षा करने में असफल गृहमंत्री की पुलिस मुख्यमंत्री की भी रक्षा नहीं कर पा रही है तो क्या उन्हें पद बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कांग्रेस ने कभी खून और मारपीट की राजनीति नहीं की वह चरित्र तो भाजपा का है। उन्होंने झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साजिशन फसाने की कड़ी निन्दा की है।
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि उनके परिवार के संस्कार नहीं हैं किसी पर पत्थर फेंकना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जन-आशीर्वाद यात्रा जो जबरन की यात्रा बन गई है का विरोध पूरे प्रदेश में हो रहा है। चुरहट में दरअसल प्रशासन और मुख्यमंत्री की चिढ़़ की वजह यह है कि वहां एन. एच. 49 की हालत खराब है। इस सड़क के निर्माण को लेकर पिछले डेढ़ साल से आंदोलन चल रहा है। एक माह पहले युवक कांगे्रस के लोगों ने गड्ढों में धान रोपा। इसके बाद अचानक जिला प्रशासन चेता और सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू हो गया क्योंकि मुख्यमंत्री की जन-आशीर्वाद यात्रा 2 सितम्बर को आने वाली थी। इसका विरोध रहवासियों ने किया कि अब तक सड़क ठीक नहीं की और मुख्यमंत्री आ रहे हैं तो चिंता हो गई। रहवासियों ने कहा अब मुख्यमंत्री इसी गड्ढे से होकर गुजरें। इसको लेकर जिला प्रशासन भाजपाई और मुख्यमंत्री चिढ़े और फिर उसके बाद अचानक यह पत्थर बाजी हो गई यह एक साजिश है। जिसकी उच्चस्तरीय जांच की जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना निंदनीय है और इसमें कोई भी दोषी हो उसके खिलाफ कार्यवाही होना चाहिए। लेकिन उस पर भी गौर करें जो यह बताता है कि बौखलाई भाजपा की यह साजिश है।