मुख्यमंत्री पर हमला तात्कालिक नहीं योजनाबद्ध थाः राकेश सिंह

राजनीति Sep 03, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  
o   चुरहट में कांग्रेसियों की कायराना हरकत का करारा जवाब देगी जनता

o   हमलावर कांग्रेस के पदाधिकारी और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के समर्थक हैं

                भोपाल। मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से कांग्रेस कुंठित और बेचैन हो गई है, उसे समझ में आ रहा है कि उसका सत्ता में आने का सपना अब कभी पूरा नहीं होगा। कुंठाओं से उपजी हताशा कांग्रेस को इस स्तर तक ले जाएगी कि वे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह जी के वाहन पर ही पथराव करेंगे, यह सोचकर ही शर्म आती है। लेकिन इस बात के पुख्ता प्रमाण सामने आए हैं कि अजय सिंह के विधानसभा क्षेत्र में हुआ यह कायराना हमला सोची समझी साजिश का नतीजा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेशसिंह ने आज एक पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा एवं प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग भी उपस्थित थे। 

                मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा रविवार शाम सीधी जिले के चुरहट पहुंची, जहां कांग्रेस के लोगों ने मुख्यमंत्री के रथ पर पथराव किया था। घटना के समय मुख्यमंत्री चौहान रथ में मौजूद थे, लेकिन जनता के आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा से पत्थर उन्हें नहीं लगा और वे सुरक्षित हैं। प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि इस घटना लिए न सिर्फ पहले से योजना तैयार की गई थी, बल्कि इसकी रिहर्सल भी की गई थी। उन्होंने कहा कि पथराव की योजना कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रामविलास पटेल के घर पर बनी और पटेल ने इसके लिए पैसे की व्यवस्था भी की। उनके अलावा पुलिस ने जिन लोगो को गिरफ्तार किया है, उनमें कांग्रेस की आईटी सेल का जिलाध्यक्ष पंकजसिंह और चुरहट ब्लॉक आईटी सेल का को-ऑर्डीनेटर शिवेन्द्र सिंह भी शामिल है। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के रथ पर पथराव और सभा में उपद्रव करने के मामले में पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से कई तो कांग्रेस के पदाधिकारी हैं, वहीं अन्य लोग किसी न किसी तरह कांग्रेस अथवा नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह से किसी न किसी रूप में जुड़े हुए हैं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment