बहनों-भांजियों ने स्वागत में बरसाए फूल, मुख्यमंत्री ने दिया उनके सम्मान की रक्षा का वचन
खबरनेशन/Khabarnation धार जिले की जनआशीर्वाद यात्रा में दिखी रक्षाबंधन पर्व की भावना
धार, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को प्रदेश के धार जिले में पहुंची। जिले के आदिवासी अंचल उमरबन से शुरू हुई यह यात्रा भले ही राजनीतिक थी, लेकिन इस यात्रा में रक्षाबंधन के पर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यात्रा के दौरान जगह-जगह बहनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया, भांजियों ने उन पर फूल बरसाए, तो मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बहनों और भांजियों के सम्मान की रक्षा का वचन दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि बहनों, भांजियों के सम्मान से खेलने वाले दरिंदों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने धार जिले के सिंघाना, लोहारी, कुक्षी एवं बाग में सभा को संबोधित कर जनआशीर्वाद लिया।
जनआशीर्वाद यात्रा के अंतर्गत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से धार जिले के उमरबन पहुंचे। यहां हेलीपैड से सभा स्थल तक के रास्ते में लोगों ने जगह-जगह उनके स्वागत के लिए मंच सजा रखे थे। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कतारों में खड़ी थीं, तो घरों की छतों पर खड़ी भांजियों ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने यहां विशाल आमसभा को संबोधित किया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित सभी लोगों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।