कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का बयान अहंकार का चरम : सिसोदिया
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का कथन कांग्रेस को जनता के पास जाने की आवश्यकता नहीं जनता स्वयं आकर कांग्रेस का समर्थन करेगी, यह कांग्रेस का अहंकार का चरम है। लोकतंत्र में जनता सर्वशक्तिमान होती है। जनता के प्रति ऐसा बर्ताव कांग्रेस का दंभ और प्रदेश की जनता का अपमान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगी। श्री कमलनाथ को यह याद रखना चाहिए कि समय ने बड़े-बड़ो का दंभ चकनाचूर किया है। कांग्रेस के नेता एक ओर तो पार्टी कार्यकर्ताओं को जयचंद बता रहे हैं, वहीं लोकतंत्र में विनम्रता और शालीनता को तिलांजलि देकर जनता को कांग्रेस की पिछलग्गू बताना प्रदेश की जनता का अपमान है।
सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस दल के बजाय एक कुटुंब तक सिमट कर रह गई है। कांग्रेस का न तो जनता से सरोकार है, न कार्यकर्ताओं से जुड़ाव है। कांग्रेस प्रदेष में विश्वास के संकट से जूझ रहीं है इसलिए बेबुनियाद, निरर्थक बयानबाजी करके सुखिर्यों में बने रहने का कार्य कर रही है।