विदेश मंत्रालय की अनूठी महिला हितैषी पहल: ऐलकर
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लता ऐलकर ने विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज को पत्र लिखकर विदेश मंत्रालय की महिला हितैषी पहल पर आभार प्रदर्शित किया है। विदेश मंत्रालय ने एनआरआई पतियों से पीड़ित पत्नियों की पीड़ा से द्रवित होकर भगोड़े एनआरआई पतियों को समन और वारंट भेजने के लिए पोर्टल बनाने का निश्चय किया है। वारंट और समन भेजे जाने के बाद यदि कोई उत्तर नहीं आता तो इसकी डिलीवरी प्रमाणित मानी जायेगी और जिला मजिस्टेªट न्यायालय उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि एनआरआई पति भारत में शादी रचाकर अपनी पत्नियों को या तो विदेश में उत्पीड़ित करते है अथवा उन्हें छोड़कर विदेश भाग जाते है। इस तरह की सवा तीन हजार शिकायतें विदेश मंत्रालय के माध्यम से श्रीमती सुषमा स्वराज तक पहुँच चुकी है। श्रीमती स्वराज ने इस मामले में महिला आयोग को भरोसे में लेकर अपराधिक प्रक्रिया संहिता में संशोधन की आवश्यकता से कानून मंत्रालय को भी अवगत कराया है। कानून में संशोधन हो जाने पर जिला मजिस्ट्रेट को अधिकार होगा कि वह पोर्टल के जरिए समन और वारंट जारी कर सकेंगे। इस संबंध में आने वाले संसद सत्र में संशोधन विधेयक लाकर कार्यवाही की जा सकेगी।