कांग्रेस के पंजे ने देश को बर्बाद किया: तोमर

राजनीति Jul 29, 2018


खबरनेशन/Khabarnation 
                दतिया। मध्यप्रदेश की बेटियों को पुलिस की भर्ती में 33 प्रतिशत जगह मिलेगी, ताकि ये बेटियां प्रदेश में गुडों की अक्ल ठिकाने लगाने का काम कर सके। इसके साथ ही बेटियों को शिक्षकों की भर्ती में भी 50 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। प्रदेश में बेटियां बोझ नहीं हैं, बल्कि 28 लाख से अधिक लाडली लक्ष्मी बेटियां लखपति हैं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दतिया जिले के भाण्डेर, भिण्ड जिले के दबोह, लहार, सेवढ़ा और मौ में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान आयोजित विशाल सभाओं को संबोधित करते हुए कही।

                मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा शनिवार को दतिया जिले के भांडेर से शुरू हुई। भांडेर में मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। सिर पर कलश लेकर खडी महिलाओं ने यात्रा की आगवानी की। वहीं प्रदेश सरकार की योजनाओं के पोस्टर लहराकर लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। यहां आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि एक समय था जब समूचा चंबल क्षेत्र डाकुओं की समस्या से ग्रस्त था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने चंबल के बीहड़ों को दस्यु समस्या से मुक्त कराया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तालियों की गड़गडाहट के बीच घोषणा की कि सिंध नदी पर 2300 करोड़ की लागत से बांध बनाया जायेगा। जो ग्वालियर-चंबल संभाग का सबसे बड़ा बांध होगा। इस बांध के बन जाने से भाण्ड़ेर के साथ-साथ भिण्ड़ जिले को भी सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में क्षेत्र के 28 गांव के लोगों की मांग को पूरा कर उन्हें राजघाट परियोजना से जोड़़ा गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चंबल एक्सप्रेस-वे का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा, जो विकास के नए आयाम रचेगा।

                कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद सबसे अधिक राज किया, लेकिन गांव, गरीब और किसान के लिए कुछ नहीं किया, उल्टा गरीबों का शोषण किया। सिर्फ चुनाव के समय कांग्रेस को गरीबों की याद आती है। इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओं का नारा दिया लेकिन गरीबी हटाने की बजाय, गरीबों को ही हटाने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भी बजट था, पैसा था लेकिन फिर भी मध्यप्रदेश का विकास नहीं किया। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास की नई गाथा लिखने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने जब सभा में उपस्थित किसान भाईयों से पूछा कि क्या कांग्रेस ने किसानों की सुध ली या गरीबों का भला किया ? तो सभा में उपस्थित हजारों किसानों ने अपने हाथ उठाकर मुख्यमंत्रीजी की बात से सहमति जतायी। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आम आदमी की जिंदगी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सवेरा लाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार का एकमात्र लक्ष्य किसानों का कल्याण और गरीबों का उत्थान है। उन्होंने कहा कि हम हर गरीब को मकान देंगे और अगले 4 सालों में प्रदेश को झोपड़ी मुक्त कर लिया जायेगा। उन्होंने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यदि सरकार ने पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा की है, तो भारतीय जनता पार्टी को और शिवराज को आशीर्वाद दें

Share:


Related Articles


Leave a Comment