अबकी बार 200 पार में राजनगर की जनता का भी योगदान होः मुख्यमंत्री

राजनीति Jul 26, 2018

बुन्देलखण्ड अंचल में बारिश के बीच जनआशीर्वाद यात्रा में अपार उत्साह


खबरनेशन/Khabarnation
o   मुख्यमंत्री 14 साल के विकास का हिसाब देकर मांग रहे आशीर्वाद

o   भाजपा की जीत से राजनगर के विकास के रास्ते खुलेंगे

o   रिमझिम बारिश में मुख्यमंत्री का अभिवादन कर रही जनता

o   चौथी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दिला रहे मुख्यमंत्री

o   भाजपा की उपलब्धि और कांग्रेस की नाकामियों से ग्रामीणों को करा रहे अवगत

 

                पन्ना/छतरपुर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा आज बुन्देलखण्ड अंचल के छतरपुर जिले की विधानसभाओं में पहंुची और ग्रामीणों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के 60 वर्षों की नाकामियों और भाजपा सरकार के साढ़े 14 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखकर उनसे आशीर्वाद मांगा और कहा कि बीते साढ़े 14 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गांव, गरीब और किसान की ईमानदारी से सेवा की है। हमें कांग्रेस से विरासत में बीमारू मध्यप्रदेश मिला था, जिसे जनता के विश्वास और मेहनत के बल पर विकसित राज्य बनाया। आने वाले पांच वर्षों में मध्यप्रदेश को हम समृद्ध प्रदेश बनायेंगे। जिसके लिए मैं आशीर्वाद मांगने आप लोगों के बीच आया हूँ। मेरा काम सच्चा और अच्छा है, तो चैथी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए मुझे आशीर्वाद दें।

                मुख्यमंत्री ने आज छतरपुर विधानसभा के मडला से यात्रा की शुरूआत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनता ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। केन नदी पुल के पास बडी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने अभिभूत होकर कहा कि आप लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया है, शिवराजसिंह चौहान आपकी राहों में कांटे नहीं आने देगा। उन्होंने कहा कि केन बेतवा परियोजना पर काम चल रहा है, जिसके सार्थक परिणाम हमारे सामने होंगे। पन्ना और छतरपुर में सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त सुविधा मिलेगी। इस दिशा में सरकार काम कर रही है। यात्रा मार्ग में सड़क के दोनों ओर बडी संख्या में ग्रामीण मुख्यमंत्री से मिलने और उनके स्वागत के लिए उपस्थित थे।

                छतरपुर से राजनगर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची जनआशीर्वाद यात्रा में बारिश के बीच जनता का अपार उत्साह भी देखने को मिला। बारिश में जनता मुख्यमंत्री को सुनने के लिए सड़कों पर खडी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बीच जनआशीर्वाद यात्रा में जनता का यह उत्साह और विश्वास यह बताता है कि अबकी बार हम निश्चित तौर पर 200 पार होंगे। पिछली बार विधानसभा चुनाव में राजनगर की जनता ने कांग्रेस को चुना था। कांग्रेस ने इन पांच वर्षों में इस क्षेत्र के विकास को रोक दिया। मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अबकी बार 200 पार की जीत में राजनगर की जनता की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। भारतीय जनता पार्टी की जीत से राजनगर के विकास के रास्ते खुलेंगे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment