कांग्रेस ने स्वीकारा कि अस्तित्व संकट में है : शर्मा

राजनीति Jul 24, 2018


खबरनेशन/Khabarnation
                भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने स्वीकार किया कि देश के 200 लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का नामोनिशान नहीं है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, बिहार जैसे राज्यों में कांग्रेस क्षेत्रीय दलों की बैसाखी पर चल पा रही है। अलबत्ता कर्नाटक में जनता दल सेकुलर के साथ और पंजाब में अपने दम पर सत्ता में है। कर्नाटक में 28 और पंजाब में 13 लोकसभा क्षेत्र है। ऐसे में कांग्रेस नेशनल पार्टी का दावा खो चुकी है। राज्यों के क्षेत्रीय दलों के सहारे पर रह कर अब कांग्रेस का स्वरूप क्षेत्रीय दलों के कनिष्ठ दल का रह गया है। एक कांग्रेसी का यह कथन एक वास्तविकता है कि जहां कभी भाजपा थी वह स्थान कांग्रेस ने ले लिया है और देश में सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी का स्थान भारतीय जनता पार्टी ने ले लिया है।

                उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 58 वर्षो में कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया लेकिन गरीबों को हटाया गया। कांग्रेस ने सिर्फ कुर्सी की राजनीति करके गरीबों का दिल दुखाया है। कांग्रेस ने अपनी विश्वसनीयता खोयी है और सहयोगियों को अपने छल का शिकार बनाया है।

                शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा से गठबंधन कर कांग्रेस ने अखिलेश यादव को भी डुबो दिया। इसलिए सपा से उसका रिश्ता नहीं बन सकता। मायावती ने तीन राज्यों में कांग्रेस से सीटों का बंटवारा करने का प्रस्ताव करके पशोपेश मे डाल दिया है।  राहुल गांधी अपने को मोदी के खिलाफ गठबंधन का नेता मान रहे है, जिससे उनकी स्थिति मान न मान मैं तेरा मेहमान की हो गयी है। कांग्रेस का अस्तित्व ही संकट में है। प्रधानमंत्री का सपना राहुल गांधी के लिए दिवा स्वप्न साबित होगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment