आप पार्टी ने लोकतंत्र को शर्मसार किया
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कहा कि राजनीति में शुचिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने की प्रतिबद्धता को लेकर गठित आप पार्टी ने जिस तरह लोकतंत्र को शर्मसार किया है उससे न केवल निर्वाचित प्रतिनिधियों की विश्वसनीयता तिरोहित हुई है अपितु उस आंदोलन पर से भी जनता का भरोसा उठ गया है जिसकी आप पार्टी उपज है।
उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने अपने अल्पकाल में जितनी सफलता हासिल की उससे अधिक तीव्रगति से राजनीति के सारे मानक खंडित कर दिए और साबित कर दिया कि उसने अहंकारवश संविधान की धज्जियां उड़ाने में उन्हें कोई परहेज नहीं रह गया है। दिल्ली की जनता भी आप पार्टी के अपराधोन्मुख कृत्यों से अपमानित महसूस कर रही है।
कोठारी ने कहा कि जिस तरह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के निवास पर खुद केजरीवाल की उपस्थिति में एक शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी के साथ शर्मनाक ढंग से सुलूक किया उसने लोकतंत्र की शुचिता पर काला धब्बा लगा दिया है। घटना की जांच की जा रही है लेकिन प्रथम दृष्टया आप पार्टी का असली चरित्र बेनकाब हो गया है। लोकतंत्र में इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए कम होगी। भ्रष्टाचार मुक्त शाासन देने के वायदे करने वाली पार्टी के अधिकांश विधायकों का कठघरे में खड़ा होना, केजरीवाल की निरंकुश महत्वाकांक्षा से विकास पर अवरोध लगाना और राजनैतिक और प्रशासनिक स्तर पर आ पार्टी का अद्योपतन वास्तव में सोचनीय ही नहीं निदंनीय है। जिस पर जनता को विचार करना चाहिए। (खबरनेशन / Khabarntion)