यशपाल को मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना ने दिलाई बेरोजगारी से मुक्ति
भोपाल। दमोह जिला मुख्यालय के नया बाजार (नम्बर-4) निवासी यशपाल चौधरी ने 12वीं कक्षा के बाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का डिप्लोमा प्राप्त किया। इसके बावजूद बेरोजगारी की दिक्कतों से जूझ रहे थे। इन्हें समाचार-पत्र से मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना की जानकारी मिली तो अंत्यावसायी विभाग में जाकर योजना के बारे में अच्छे से समझा और किराना व्यवसाय के लिये दस्तावेज सहित ऑनलाइन आवेदन कर दिया।
स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया ने एक सप्ताह में यशपाल को 10 लाख रुपये का लोन मंजूर कर दिया। ऐसे शुरू हुआ 'दिव्यम ट्रेडर्स' किराना व्यवसाय। अब यशपाल बाजार में प्रतिष्ठित व्यवसायी माने जाते हैं। हर महीने लोन की 14 हजार 500 रुपये की मासिक किस्त जमा करने के बाद 20 हजार रुपये की शुद्ध आमदनी अर्जित कर रहे हैं।
अब यशपाल अपने परिवार का भरण-पोषण आसानी से कर रहे हैं। अपने व्यवसाय में 2 अन्य लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं। यशपाल को बेरोजगारी से मुक्ति राज्य सरकार की मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना के माध्यम से मिली हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)