पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ अवश्य मिले : मंत्री पटेल
बैंक द्वारा निजी गारंटी और कोटेशन माँगना उचित नहीं
भोपाल। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल ने स्थानीय जल भवन में कुटीर एवं ग्रामोद्योग की विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में हाथकरघा, रेशम, खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम तथा माटीकला बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्य, संचालित योजनाओं सहित बजट एवं व्यय की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि योजनाओं में ऋण के लिए प्राप्त आवेदनों में वांछनीय औपचारिकताएं पूर्ण कर ही प्रकरण बैंक को भेजे जायें। उन्होंने चयन समिति को सक्रियता और समन्वय से कार्य करने की सलाह दी।
पटेल ने कहा कि योजनाओं में पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे और हितग्राही को समय पर सब्सिडी का लाभ मिलना चाहिए। पटेल ने बैंकों एवं अन्य सहयोगी विभाग के अधिकारियों की बैठक के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बैंक ऋण के लिए निजी गारंटी और कोटेशन प्रस्तुत करने जैसी कठिनाईयों को तत्काल दूर किया जाना आवश्यक हैं, क्योंकि नियमानुसार ऐसा किया जाना उचित नहीं हैं। मंत्री पटेल ने योजनाओं में 'पहले आयें पहले पायें' के आधार पर प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया अपनाये जाने के निर्देश दिये। वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों की समीक्षा के संबंध में मंत्री पटेल ने कहा कि योजनाओं का संचालन योजनाबद्ध ढंग से करें ताकि प्रत्येक त्रैमास के बजट का समुचित उपयोग किया जा सके।
बैठक को जी.पी. कबीरपंथी अध्यक्ष हस्तशिल्प एवं हाथकरघा तथा रामदयाल प्रजापति अध्यक्ष माटीकला बोर्ड ने भी संबोधित किया।
प्रमुख सचिव वीरा राणा ने चालू वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों और 2018-19 की कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मधु खरे, प्रबंध संचालक खादी ग्रामोद्योग विकास निगम, आयुक्त हाथकरघा सोनाली पोंक्षे वायंगणकर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
(खबरनेशन / Khabarnation)