सेन्ट्रल मोटर व्हीकल ऐक्ट तुगलकी

राजनीति Sep 04, 2019

 कठोर प्रावधानों को,मध्यप्रदेश में लागू नहीं करेगी कमलनाथ सरकार, जनता का
हित ही उसके लिए सर्वोपरि: शोभा ओझा

 

भोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग की अध्यक्षा श्रीमती शोभा ओझा ने आज जारी अपने बयान में कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लागू किये गये तुगलकी सेन्ट्रल मोटर व्हीकल ऐक्ट के कारण समूचे देश में जहां परेशान  जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, वहां शुक्र है कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में एक ऐसी जनहितैषी सरकार है, जिसके लिए प्रदेश के नागरिकों का हित ही सर्वोपरि है। कमलनाथ सरकार ने इस मामले में फैसला लिया है कि मोदी सरकार की ऐसी ही सनकपूर्ण तुगलकी नीतियों के कारण पहले से ही आर्थिक मंदी की मार झेल रहे नागरिकों पर और अधिक आर्थिक बोझ बढ़ाने वाले, इस ऐक्ट के कठोर दंडात्मक प्रावधानों को बिना समीक्षा के मध्यप्रदेश में लागू नहीं किया जाएगा।

आज जारी अपने बयान में श्रीमती ओझा ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सेन्ट्रल मोटर व्हीकल संशोधन ऐक्ट-2019 का पूरा अध्ययन करेगी क्योंकि जनता का हित उसके लिए सर्वोपरि है। इस संबंध में प्रदेश सरकार ने पड़ोसी राज्यों में लागू प्रावधानों का अध्ययन कर, इसका प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दे दिये हैं। प्रदेश सरकार ने यह साफ कर दिया है कि समझौता शुल्क को लेकर उसे निर्णय लेने का अधिकार है और वह आवश्यक होने पर जनहित में कोई निर्णय लेगी।

अपने बयान के अंत में श्रीमती ओझा ने कहा कि पूरे देश में जब आर्थिक मंदी का दौर चल रहा है तब केन्द्र की मोदी सरकार, जनता को राहत दिलाने की उपायों कि बजाय, तरह-तरह के तुगलकी फरमानों के द्वारा जनता की परेशानियों में नित नया इजाफा कर रही है। शुक्र है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार जहां लगातार विकासोन्मुखी फैसले ले रही है, वहीं सेन्ट्रल मोटर व्हीकल ऐक्ट जैसे केन्द्र सरकार के  कठोर फैसलों को प्रदेश में लागू नहीं कर, लगातार एक के बाद एक जनप्रिय निर्णय भी ले रही है, साफ है कि प्रदेश के नागरिकों का हित ही उसके लिए सर्वोपरि है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment