जोड़ियां भाजपा में ही बनती हैं, कांग्रेस में नहीं : शिवराज सिंह

राजनीति Nov 12, 2018

खबरनेशन / Khabarnation

हम भाग्यशाली हैं कि हमें मोदी-शाह की जोड़ी मिली है

मध्यप्रदेश में चौथी बार सरकार बनाकर इतिहास बनायेगें कार्यकर्ता : राकेश सिंह

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ कार्यकर्ताओं से किया संवाद

                भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभाओं के बूथ कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ जीता तो समझा चुनाव जीत गए। श्री अमित शाह के कार्यक्रम का सभी विधानसभाओं में सीधा प्रसारण किया गया। भोपाल में हिन्दी भवन में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह की जोड़ी को प्रदेश के लिए भाग्यशाली बताया। साथ ही यह भी कहा कि जोड़ियां तो भाजपा में ही बन सकती है कांग्रेस में नहीं बनती।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में पहले डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जोड़ी थी। इसके बाद अटलबिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी की जोड़ी थी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी है। उन्होंने कहा कि जोड़ी मध्यप्रदेश में भी बुरी नहीं है। यहां पर श्री शिवराज सिंह चौहान और श्री राकेश सिंह की जोड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संघर्ष का शंख फुख चुका है, युद्ध के नगाडे़ बज रहे हैं। हमारे सर्वोच्च सेनापति भाई अमित शाह ने विजय का मंत्र दिया है। उन्होंने जो बातें कही है वे हम सबमें उर्जा का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान, स्भाविमान पूरी दुनिया में बढ़ा है। आज दुनिया में भारत की छवि वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न और समृद्ध भारत की है। आज भारत एक ऐसा देश बन गया है, जिसके नौजवान दुनिया में कहीं जाए तो सीना तान कर कह सकें कि हम भारतीय हैं।

                इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, सांसद आलोक संजर, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, विधायक एवं जिलाध्यक्ष श्री सुरेंद्रनाथ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता श्री राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तूफान से निकालकर लाएं हैं

                मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही कन्फयूज हैं वे देश को क्या दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वैसे तो कांग्रेस का सफाया होगा ही, लेकिन कभी ऐसी स्थिति बनती है कि कांग्रेस आ जाए तो ये फिर से मध्यप्रदेश को गड्डे वाला प्रदेश बना देंगे, प्रदेश की जनता को फिर से अंधेरे में ले जाकर छोड़ देंगे। हम तूफानों से निकालकर मध्यप्रदेश को आज इस स्थिति में लाएं हैं। इसका ध्यान रखना कि कहीं मध्यप्रदेश फिर से बीमारू राज्य न बन जाए, इसलिए पूरी ताकत, पूरी शक्ति के साथ भाजपा को जिताने के लिए जुट जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपना बूथ जितना है, समाज के हर वर्ग के पास जाना है, हर हितग्राही के पास जाना है। हमारा मुकाबला कांग्रेस से नहीं है। कांग्रेस में और भाजपा में जमीन-आसमान का अंतर है।

इसलिए कांग्रेस को गुस्सा आता है

                मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। मध्यप्रदेश की पहचान पिछड़ेपन के कारण हो गई थी। उन्होंने शिक्षा की व्यवस्था को चैपट कर दिया था, सूखे का प्रदेश बना दिया था। अब भाजपा ने मध्यप्रदेश को पहले विकासशील, फिर विकसित और अब समृद्धशाली बनाने का संकल्प लिया है तो कांग्रेस को गुस्सा आता है। हमने डेढ़ लाख किमी सड़कें बना दी हैं तो उनको गुस्सा आता है, हमनें अंधेरे से निकालकर मध्यप्रदेश को बिजली से रोशन कर दिया है तो उनको गुस्सा आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले स्व इंदिरा गांधी जी जी कहती थीं कि गरीबी हटाएंगे, पिफर राजीव गांधी कहते थे कि गरीबी हटाएंगे और अब राहुल गांधी कहते हैं कि गरीबी हटाएंगे, लेकिन इन्होंने गरीबी तो नहीं हटाई गरीबों को ही हटा दिया है। राहुल गांधी पानी पी-पी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुझे कोसते हैं। अब तो वे मेरे बेटे पर भी झूठे आरोप लगाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को रात भर नींद नहीं आती है। करवटें बदलते रहते हैं।

230 विधानसभा के हर मतदान केन्द्र पर कमल खिलेगा

                प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार भाजपा को जीताकर हमें इतिहास बनाना है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में हमारे बूथ के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का जो मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है इससे प्राप्त होने वाली उर्जा के साथ एक संकल्प लेकर हम सभी कार्यकर्ता आज से चुनाव के मैदान में उतरेंगे। तो इस संकल्प ओर विश्वास के साथ उतरेंगे की मध्यप्रदेश में श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार सरकार बनाकर एक इतिहास बनाएंगे। श्री राकेश सिंह ने कहा कि 230 विधानसभा क्षेत्र के एक एक मतदान केंद्र तक भाजपा का ध्वज लहराएगा और भाजपा का कमल खिलेगा। 

                श्री राकेश सिंह ने कहा कि आज जब हम यहाँ से निकल कर अपने अपने क्षेत्र में जाये तो यह विश्वास लेकर जाए कि विजय सुनिश्चित है लेकिन इस विजय के लिए हमे अपनी और से कोई भी कसर बाकी नही छोड़ना है। उन्होंने पार्टी के 2 महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के बारे में बताते हुए कहा कि15 नवम्बर को “मेरा घर भाजपा का घर’ इस अभियान में हर घर पर भाजपा का ध्वज लहराए इस बात की चिंता हमे करना है। साथ ही 21 नवम्बर को हर घर कमल दीपावली हो। जिसमे हमारी पार्टी के प्रत्येक समर्थक और कार्यकर्ताओं के घर के बाहर कमल दीप जले। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा को आपने लगातार मजबूत किया है। आपके त्याग, तपस्या और परिश्रम से मुख्यमंत्री शिवराज के नेतृत्व में लगातार 3 बार से भाजपा सरकार बन रही है, चौथी बार भी शिवराजजी के नेतृत्व में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment