ब्याज माफी का निर्णय ऐतिहासिक

भोपाल। साढ़े सत्रह लाख डिफाल्टर किसानों की 2600 करोड़ रूपए की ब्याज राशि सरकार द्वारा माफ किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का आभार व्यक्त किया हैं। रावत ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार किसान हितैषी निर्णयों से प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होने के साथ पूरे किसान परिवार की समृद्धि बढ़ेगी। ब्याज राशि माफ किए जाने के बाद साढ़े सत्रह लाख किसान मूलधन की एक किश्त जमा करने पर पुनः शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलने के लिए पात्र हो जायेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उन्हें आश्वस्त किया हैं कि सरकार किसानों के हित में और भी निर्णय लेगी जिसमें 14 जिलों में सूखा राहत राशि का वितरण त्वरित करने, चार जिलों शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा और रायसेन में सूखा राहत राशि का वितरण प्रारंभ करने, शेष रही भावांतर भुगतान राशि को तत्काल किसानों के खातों में पहुंचाने और भावांतर योजना के अंतर्गत रायसेन और झाबुआ जिलों को लहसुन उत्पादक जिलों में शामिल किया जाना हैं।

रावत ने बताया कि सूखा प्रभावित जिलों में अल्पावधि ऋण को मध्यावधि ऋण में परिवर्तित करने के लिए कलेक्टरों को शीघ्र ही अनावारी प्रमाण पत्र जारी किए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया हैं। साथ ही अल्पकालीन फसल ऋण की तिथि 27 अप्रैल तक करने के आदेश जारी करने और उसकी सूचना एसएमएस के द्वारा किसानों को भेजने के बारे में मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment