नौजवानों का भविष्य अंधकार में, कैसे मप्र के भविष्य का निर्माण होगा ? : कमलनाथ
खबर नेशन / Khabar Nation
शिवराज जी, नौटंकी, इंवेट और टेलीविजन की राजनीति से प्रदेश में निवेश नहीं आयेगा : कमलनाथ
शिवराज जी, 190 महीने से मुख्यमंत्री हैं, प्रदेश को किस ओर धकेल दिया है आपने ? : कमलनाथ
सीहोर/ भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज सीहोर पहुंचे, वहां उन्होंने पहले सिद्ध गणेश जी मंदिर में पूजा-अर्चन कर भगवान विध्न-विनाशक भगवान गणेश जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात श्री नाथ ने
सीहोर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीहोर एक प्राचीन नगरी है, सीहोर प्रेम की नगरी है, सीहोर हमारे संस्कृति की नगरी है, सीहोर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की नगरी है।
वहीं श्री नाथ ने कहा कि प्रदेश के नौजवानों का भविष्य अंधकार में है और यही नौजवान हमारे मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे, यदि इन्हीं का भविष्य अंधकार में रहेगा तो कैसे मप्र के भविष्य का निर्माण होगा, यह प्रदेश के लिए सबसे बड़ी चिंता है। हमारी माताओं-बहनों ने कितने प्यार से इन बच्चों को पाला पोसा और आज वह भटक रहा है। क्योंकि उसके पास कोई काम-धंधा नहीं है, रोजगार नहीं है, नौकरी नहीं है। आज के नौजवान और 20 साल पहले के नौजवान की दुनिया अलग अलग थी। आज के नौजवान में एक तड़प है। क्योंकि आज का नौजवान कोई ठेका, कमीशन कोई टेंडर नहीं, वह तो अपने हाथों में काम चाहता है। पर यदि नौजवान का भविष्य अंधेरे में रहा तो क्या हाल होगा अपने प्रदेश का? शिवराज जी 190 महीने से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं, कहां धकेल दिया इस प्रदेश को। प्रदेश की जनता इनकी नौटंकी, इवेंट और टेलीविजन की राजनीति से ऊब चुकी है। शिवराज नी निवेश की बात करते हैं, निवेश तभी आता है, जब विश्वास हो और उद्योगपतियों को मप्र पर विश्वास ही नहीं।
श्री नाथ ने कहा कि सीहोर की जनता, किसान, महिलाएं परेशान है। मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बाद भी यहां के बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं, महिलाएं असुरक्षित है और किसान अपनी फसलां को लेकर परेशान है। शिवराज जी तो केवल नाटक-नौटंकी करने, बड़े-बड़े इंवेंट करने और टेलीविजन पर बड़े-बड़े विज्ञापन प्रकाशित कराकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने और ध्यान मोड़ने में लगे रहते हैं। जिस दिन वे झूठ नहीं बोलें उनका खाना हजम नहीं होता और इतना ही नहीं कौन सा नया झूठ दूसरे दिन बोलना है, बस मुझे कोसते रहते हैं और रात में उन्हें नींद नहीं आती। शिवराज जी विकास यात्रा निकाल रहे हैं, जो उनकी निकास यात्रा है। शासकीय संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है शिवराज जी अगर आपने अच्छा काम किया होता तो आज शासकीय खजाने की और शासकीय मदद की जरूरत नहीं पड़ती।
श्री नाथ ने कहा कि 190 महीने की भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिवराज ने प्रदेश को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों की आत्महत्या, महिला असुरक्षा और ध्वस्त कानून-व्यवस्था में नंबर वन बना दिया। वर्ष 2018 में विधानसभा के चुनाव में जनादेश से कांग्रेस की सरकार बनी, प्रदेश की जनता ने मुझे मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया। मैंने प्रदेश को एक नई पहचान देने की शुरूआत की थी, जिसमें में अपनी नीति और नियत का परिचय देते हुए प्रदेश में उन्नति, प्रगति और खुशहाली लाने की शुरूआत की थी, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली, गौशालाओं को निर्माण, भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश, भूमाफिया और माफियाओं को समाप्त करने, रोजगार के अवसर और सबसे बड़ी योजना किसान कर्ज माफी, जिसमें पहली ही किस्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया। लेकिन भाजपा, प्रदेश की उन्नति, प्रगतिशील कांग्रेस सरकार जनहितैषी नीतियों को पचा नहीं पाये और षड्यंत्रपूर्वक कुछ बिकाऊ लोगों से मिलकर जनादेश से चुनी सरकार को खरीद-फरोख्त कर गिरा दिया। लेकिन प्रदेश की जनता आज भी इस सौंदेबाजी और जबरन की सरकार को पसंद नहीं कर रही है। अब समय आ गया है, जनता भाजपा और शिवराज जी की इस झूठी कलाकारी समझ चुकी है।
श्री नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान आज 190 महीनों के बाद 15 महीने की कांग्रेस सरकार का हिसाब मांगते हैं। मैं तो कहता हूं शिवराज जी आ जाइए मंच पर और मैं अपने 15 महीने का और आप अपने 190 महीने का हिसाब जनता को दे दीजिए। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को घोटाला प्रदेश बनाकर रख दिया है। परीक्षाओं में घोटाला, भर्ती में घोटाला, पैसे दे दो और नंबर ले जाओ की नीति अपनाई हुई है। प्रदेश की यह तस्वीर हम सबके सामने हैं। उन्हांने कहा कि प्रजातंत्र में हर चुनाव एक उत्सव होता है। इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा है हम अपनी संस्कृति और संविधान को कैसे जीवित रखें, इसकी रक्षा कैसे करें। हमारी आने वाली पीढ़ियों को कैसा देश-प्रदेश सौंपना चाहते हैं, यह हमें तय करना है और आप लोगों को संस्कृति का रक्षक बनना है। आप लोगों को संविधान का रक्षक बनना है, तभी हमारा देश आगे बढ़ेगा तभी हम आगे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रख पायेंगे।
श्री नाथ ने अंत में कहा कि मैं यही कहना चाहूंगा कि मध्यप्रदेश का भविष्य आपके हाथों में है, मध्य प्रदेश की वर्तमान तस्वीर को अपने सामने रखकर सच्चाई का साथ अवश्य देना, सच्चाई का साथ देंगे तो हमारे नौजवानों का भविष्य सुरक्षित होगा, हमारे किसान को भटकना नहीं पड़ेगा हमारी माताओं-बहनों पर जुल्म नहीं होगा। यदि आपने सच्चाई का साथ दिया तो सीहोर का झंडा मध्यप्रदेश विधानसभा पर फिर से लहराएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा, सीहोर जिला अध्यक्ष बलबीर तोमर, रमेश सक्सेना, शैलेंद्र पटेल, गोविंद गोयल सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999