पंडित नेहरू और गांधी परिवार पर उंगली उठाने से पहले भारतीय संस्कृति को समझें, मोदी जी : विभा पटेल

राजनीति Feb 10, 2023

खबर नेशन / Khabar Nation  

भोपाल: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और भोपाल की पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल ने पीएम मोदी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पंडित नेहरू और गांधी परिवार समेत कांग्रेस पर उंगली उठाने के पहले भारतीय इतिहास, संस्कृति और  संस्कारों को समझ लेते। मोदी जी के बयान से लगता है कि उनका भारतीय इतिहास संस्कृति और संस्कारों से कोई नाता नहीं है। यही कारण है कि मुझे उन्हें बताना पड़ रहा है कि किसी भी विवाहित महिला के साथ उसके पति का नाम सरनेम के रूप में उपयोग में आता है। श्रीमती इंदिरा गांधी के विवाह के समय महात्मा गांधी जी ने फिरोज जी को अपना पुत्र कहते हुए उनके सरनेम का उपयोग करने की आज्ञा दी थी। इस कारण ही फिरोज जी अपने आप को फिरोज गांधी कहते थे। महात्मा गांधी जी ने ही श्रीमती इंदिरा गांधी का कन्यादान किया था और उन्होंने इंदिरा-फिरोज के विवाह की ऐसी रिचा तैयार की थी, ताकि भविष्य में सरनेम को लेकर कोई विवाद की स्थिति ना बने, लेकिन आज गांधी सरनेम को लेकर राजनीतिक सवाल वह लोग खड़ा कर रहे हैं, जिन्हें इतिहास पता नहीं है। ऐसे लोगों को पता होना चाहिए कि भारतीय संस्कृति में पत्नी को अपने पति के सरनेम का उपयोग करना एक संस्कार है, इंदिरा जी ने इस सरनेम का उपयोग भारतीय संस्कारों के कारण किया है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता रहे। देश की आजादी से लेकर आजाद भारत को समृद्ध बनाने में पंडित नेहरू का अहम योगदान रहा। आजादी से पहले पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई थी। आजादी की लड़ाई के चलते उन्हें 9 बार जेल जाना पड़ा था। वहीं, भारत के आजाद होने के बाद पंडित नेहरू ने शिक्षा, सामाजिक सुधार, आर्थिक क्षेत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा और औद्योगीकरण सहित कई क्षेत्रों में किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू अपने विचारों और अपने उल्लेखनीय कार्यों की वजह से ही महान बने। आजादी के बाद नेहरू ने देश की तस्वीर बदलने के लिए कई कड़े फैसले लिए। उनके उन फैसलों ने ही देश को आर्थिक मोर्चे पर मजबूत बनाया।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि नेहरू गांधी परिवार पर कोई टीका टिप्पणी करने से पहले आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी को इतिहास पलट कर देख लेना चाहिए, उन्हें वास्तविकता पता चलेगी। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को आधुनिक बनाने के लिए जो काम किए, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता है। यही कारण है कि उन्हें ‘आधुनिक भारत का निर्माता’ कहा जाता है। उन्होंने शिक्षा से लेकर उद्योग जगत को बेहतर बनाने के लिए कई काम किए। उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और विश्वविद्यालयों की स्थापना की। साथ ही उद्योग-धंधों की भी शुरूआत की। उन्होंने भाखड़ा नांगल बांध, रिहंद बांध और बोकारो इस्पात कारख़ाना की स्थापना की थी। वह इन उद्योगों को देश के आधुनिक मंदिर मानते थे।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने अपनी दूरदृष्टि और समझ से जो पंचवर्षीय योजनाएं बनाईं उनसे देश को आज भी लाभ मिल रहा है। पहली पंचवर्षीय योजना 1951-56 तक लागू हुई। शुरुआत में लोगों के मन में इस योजना के सफल होने को लेकर संदेह था। लेकिन 1956 में पहली पंचवर्षीय योजना के नतीजों ने इस पर आशंकाएं कम कर दीं। इस योजना के दौरान विकास दर 3.6 फीसदी दर्ज की गई। इसके अलावा प्रति व्यक्ति आय सहित अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ोतरी हुई। पहली पंचवर्षीय योजना  कृषि क्षेत्र को ध्यान में रखकर बनाई गई, तो दूसरी (1956-61) में औद्योगिक क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया।
श्रीमती पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी और उनकी सरकार के मंत्री देश की जनता को गुमराह नहीं कर सकते। भले ही चिल्ला चिल्ला कर भाजपा और मोदी जी कितना ही भ्रम फैलाएं, लेकिन कि आजादी की लड़ाई में नेहरू जी, भारत को बनाने में आदरणीय इंदिरा जी और राजीव जी का अहम योगदान है। देश की जनता अब किसी छलावे में नहीं आएगी।


लिखें और कमाएं        
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment