किसान विरोधी कांग्रेस ने शिकायत कर किसानों की भावांतर राशि रोकी: मुख्यमंत्री

आगामी पांच माह में पांच साल के विकास को पूरा करेंगे
 

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने किया सघन जनसंपर्क
 

मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर ग्रामीणों में उत्साह
 

ग्रामीणों ने संकल्प लेकर भाजपा की विजय का विश्वास व्यक्त किया
 

मुख्यमंत्री सभा के पश्चात जनता के बीच पहुंचे
 

शिवपुरी/कोलारस। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कोलारस और शिवपुरी विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन दर्जनों जनसभाओं में भाग लेते हुए रोड शो कर कोलारस और शिवपुरी क्षेत्र की जनता से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए जनता को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाए। आगामी 5महीनों में 5 वर्ष के विकास की कोर कसर को पूरा किया जायेगा। जनसंपर्क के दौरान उमड़ी जनता ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर भाजपा की जीत का विश्वास व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कोलारस क्षेत्र में सिंध नदी है लेकिन कोलारस, बदरवास व समीपवर्ती क्षेत्र पेयजल समस्या से जूझ रहा है। 15 वर्षों से कांग्रेस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती आई है लेकिन कोलारस क्षेत्र प्रदेश में अपने पिछड़ेपन के कारण अलग-थलग पड़ गया है। लोकतंत्र में चुनाव विकास का अवसर होता है। 24 फरवरी को होने जा रहे मतदान में क्षेत्रीय जनता कोलारस, बदरवास के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी जो विकास का पर्याय है को विजयी बनाकर कोलारस विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
 

शिवराजसिंह चौहान ने कोलारस क्षेत्र के बदरवास में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश और देश में कृषि की बढ़ती लागत और उत्पादों का मूल्य गिरने से किसान के लिए खेती घाटे का सौदा हो गया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री भावान्तर भुगतान योजना आरंभ कर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य और बाजार के माडल मूल्य के अंतर की राशि का भुगतान करने का फैसला किया। भावान्तर भुगतान राशि मंजूर कर दी गई और एक क्लिक में कोलारस क्षेत्र के किसानों की खाते में जमा हो जाती, लेकिन कांग्रेस ने इसकी शिकायत करके रोक लगा दी। जनता को फैसला करना चाहिए कि आखिर कांग्रेस जनता की हितैषी क्यों नहीं है। कांग्रेस विकास को रोकती है, जनता को मिलने वाली सुविधाएं जनता तक न पहुंचे यही कांग्रेस की नीति बन चुकी है। इसके पीछे कांग्रेस का अहंकार है। 24 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी के कमल के निशान का बटन दबाकर कांग्रेस का दर्पदलन करें। सभा को प्रदेश की मंत्री यशोधराराजे सिंधिया ने भी संबोधित किया और कहा कि प्रदेश को कांग्रेस ने अपने लंबे शासन में बीमारू राज्य बनाकर छोड़ दिया था। प्रदेश की जनता ने 2003 में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर भाजपा को जनादेश दिया। भाजपा सरकार ने पिछले 14 वर्षों में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से देश का विकसित अग्रणी राज्य बना दिया है जहां विकास दर दहाई में है और कृषि विकास दर निरंतर 20 प्रतिशत बनी हुई है। शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में सबका साथ-सबका विकास हो रहा है, प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। गांवों में खुशहाली आयी है। इसका श्रेय जनता और भाजपा सरकार को मिलेगा।
 

शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि किसी भी सरकार को हर खेत को पानी जनता को रोटी, कपड़ा और मकान की व्यवस्था करना, रोजगार धंधे का विस्तार करना, उसका संवैधानिक कर्तव्य है। सिंध नदी के पानी को बेकार नहीं जाने देंगे और इसका उपयोग श्रृंखलाबद्ध स्टापडेम बनाकर करें। स्थानीय विधायक विकास और जनकल्याण के लिए माध्यम का कार्य करता है। कोलारस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र जैन को विजयी बनाये और कोलारस क्षेत्र भोपाल और दिल्ली के बीच देवेन्द्र जैन को सेतु के रूप में उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में देवेन्द्र जैन विजयी होकर आपके विधायक होंगे। लेकिन उनके साथ शिवराजसिंह चौहान भी क्षेत्र का सेवक होगा। आप भाजपा को एक वोट देंगे, लेकिन उसके बदले में आपको दो विधायकों की सेवाएं मिलेंगी।
चौहान ने कहा कि आपने पिछले चुनावों में कांग्रेस को समर्थन देकर आजमा लिया है, 15 वर्षों में कांग्रेस के प्रतिनिधित्व में क्षेत्र लगातार पिछड़ता गया है। इस उपचुनाव में आप भारतीय जनता पार्टी को अवसर देकर शेष बचे 5 मांह में भारतीय जनता पार्टी को भी परख लें। पिछले साढ़े 4 वर्षों की कसर यदि भाजपा 5 माह में पूरी नहीं करती तो आपकों अख्तियार होगा कि आप आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन न दें। उन्होंने मार्मिक शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी नारे और वादे के बजाए काम में विश्वास करती है और जनमानस के पटल पर अपनी सकारात्मक छवि अंकित करती है। भरोसा करें जिस तरह प्रदेश का विकास हुआ है, किसी भी हाल में कोलारस विकास के मामले में अछूता नहीं रहेगा।

 

शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर की सरकार है। किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देकर मध्यप्रदेश ने देश और दुनिया में अग्रणी पहल की है। किसानों को भावान्तर भुगतान योजना वरदान साबित हुई है। नीति आयोग भावांतर योजना का देशव्यापी विस्तार देने पर विचार कर रहा है। महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। सरकारी नौकरियों में भी एक तिहाई आरक्षण महिलाओं को देकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। उपचुनाव में महिला शक्ति भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाकर क्षेत्रीय विकास में भागीदार बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को प्रौद्योगिकी के युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रदेश में कौशल विकास का महत्वकांक्षी कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिससे लाखों युवकों के लिए देश एवं विदेश में रोजगार के द्वार खुल रहे हैं। प्रदेश में युवकों को स्वरोजगार में स्थापित होने के लिए 10 लाख रू. से लेकर 2 करोड़ रू. तक का कर्ज दिलाया जा रहा है। इस कर्ज के लिए परिवार के सदस्यों से जमानत नहीं ला जाती बल्कि सरकार ही कर्ज की गारंटी लेती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की किशोर और युवा पीढ़ी को उसके सपनों के अनुसार देश विदेश में उच्च शिक्षा के लिए सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। बारहवीं कक्षा में 75 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं को बिना किसी भेदभाव के उच्च शिक्षा के संस्थान में प्रवेश और अध्ययन शुल्क की सारी भरपाई करने की गारंटी सरकार ने ली है। इससे प्रदेश की ऊर्जावान छात्र-छात्राओं को आईआईटी, आईआईएम मेडिकल इंजीनियरिंग लाॅ जैसे उच्च शिक्षा संस्थान निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों सभी में पढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आग्रह किया कि चुनाव मतदान में डेढ़ दिन शेष है। इस दौरान कार्यकर्ता और जनता अपने को भाजपा का प्रत्याशी मानकर देवेन्द्र जैन को विजयी बनाने के लिए घर-घर, द्वार-द्वार पहुंचकर समर्थन जुटाने में जुट जायें।
 

इस अवसर पर प्रदेश के मंत्री लालसिंह आर्य, विश्वास सारंग सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने जनता का भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प दिलवाया। (खबरनेशन)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment