कांग्रेस के 132 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश के पार्टी मुख्यालय में होगा ध्वजारोहण कार्यक्रम
भोपाल। 28 दिसम्बर, गुरूवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 132 वां एवं कांग्रेस सेवादल का 94 वां स्थापना दिवस ‘दल दिवस’ के रूप में मनाया जायेगा। कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन के प्रांगण में कांग्रेस सेवादल द्वारा पूर्वान्हः 11.00 बजे पार्टी का ध्वजवंदन किया जाएगा तथा पार्टी की रीति-नीति को लेकर प्रतिज्ञा दोहरायी जायेगी। इस अवसर पर प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस स्थापना दिवस कार्यक्रम पूरे प्रदेश के जिला/शहर एवं ब्लाक कांग्रेस मुख्यालयों पर भी आयोजित किये जायेंगे तथा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने बताया हैं कि इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान जिला/ ब्लाक मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जायेगा, कांग्रेस के इतिहास एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रातः प्रभात फेरी, बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, रक्त परीक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सर्वधर्म समभाव संगोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीतों आदि का आयोजन भी होगा। द्विवेदी ने जिला/ ब्लाक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, ब्लाक कांग्रेस के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, मोर्चा संगठन/ विभाग/ प्रकोष्ठों के प्रदेश/ जिला पदाधिकारी वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागादारी सुनिश्चित की हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)