कांग्रेस कर रही है भ्रष्ट अधिकारियों की कुंडली तैयार समय आने पर सूची भी सार्वजनिक करेगी: जीतू पटवारी
खबर नेशन / Khabar Nation
मध्यप्रदेश में कांग्रेस भ्रष्ट अफसरों की कुंडली तैयार कर रही है, जिसे समय आने पर सार्वजनिक भी करेगी। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और विधायक जीतू पटवारी ने उक्त बयान आज भोपाल में एक पत्रकार वार्ता के दौरान व्यक्त किये।
श्री पटवारी ने शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोलते हुये प्रदेश में शासकीय उच्च अधिकारियों पर सवाल खड़े किए, उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब एक सरकारी क्लर्क के पास से 85 लाख रुपये नकद मिल सकते हैं तो बड़े अधिकारियों के पास कितनी बेनामी संपत्ति होगी इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश के हाल-बेहाल है और सरकार कर्ज ले लेकर प्रदेश चला रही है, जहां एक ओर जनता का पैसा बर्बाद किया जा रहा है, वही आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार आने पर इन भ्रष्टों से हिसाब पूछा जाएगा। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री और प्रमुख सचिवों की संपत्ति की भी जांच की जाएगी। भोपाल के बैरागढ़ में जब छापे में क्लर्क के पास 85 लाख रू. मिले हैं तो विभागीय मंत्री के यहां कितने मिलेंगे।
हाल ही में प्रदेश में सम्पन्न हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में कलेक्टर गुलाम की भाषा बोल रहे है, भाजपा लोकतंत्र का लगातार गला घोंट रही है। देश-प्रदेश में महंगाई सबको दिखाई दे रही है, लेकिन तानाशाहों को नहीं दिख रही है। देश का लोकतंत्र खतरे में है, कांग्रेस पार्टी इसका देशभर मे विरोध करेंगी। भोपाल सहित पूरे प्रदेश में सत्ता के दम पर वोटिंग कराई गई है, देश की जांच एजेंसियों को गुलाम बनाया जा रहा है। विपक्ष को कमजोर किया जा रहा है, यह बीजेपी का मोदी मॉडल है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरकर विरोध करेंगी।
मप्र में नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव संपन्न हुए हैं, देश में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में शिवराज सरकार लोकतंत्र को जिंदा नही रहने देना चाहते हैं। भाजपा पैसे के दम पर सत्ता पर काबिज हुई है। पूरे प्रदेश में प्रशासनिक अव्यवस्था के साथ विपक्ष को कुचला जा रहा है। जनता का मत कांग्रेस के साथ है, भाजपा के खिलाफ है। भाजपा पूरे देश में नया मोदी मॉडल लाए हैं, जिसमे देश की स्वतंत्र संस्था को गुलाम बनाया जा रहा है। वर्तमान सरकार देश के लोकतंत्र को तानाशाही की ओर ले जाना चाहती है, प्रदेश सरकार को 20 साल से नेशनल हेराल्ड का मुद्दा याद नहीं आया ईडी विपक्ष पर हमेशा कार्यवाही करती है, सत्ता और सत्ता में बैठे चापलूस अधिकारियों पर कार्यवाही क्यों नही होती?
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999