कर्मचारियों के हित में तुरंत फैसला लें मुख्यमंत्री: कमलनाथ
खबर नेशन / Khabar Nation
मप्र विद्युत मंडल के 2012 से पूर्व दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को दी जाए अनुकंपा नियुक्ति : कमलनाथ
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मप्र विद्युत मंडल में सेवाकाल के दौरान सामान्य रूप से दिवंगत हुए कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दिये जाने हेतु सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है।
श्री नाथ ने कहा कि प्रदेश में शासकीय/ अर्द्ध शासकीय/ निगम/ मंडलों में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दिये जाने का प्रावधान है। शासकीय सेवक की सेवाकाल में मृत्यु के पश्चात उसके परिवार का जीवन यापन सुरक्षित रूप से हो सके इस हेतु अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाती है, परंतु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत मप्र विद्युत मंडल में वर्ष 2012 के पूर्व सामान्य रूप से दिवंगत हुए कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति नहीं दिये जाने का प्रावधान किया गया है, केवल दुर्घटना में हुई मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है।
श्री नाथ ने कहा कि विद्युत मंडल के वर्ष 2000 से 2012 के मध्य सामान्य रूप से दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिल पाई और ऐसे हजारों परिवार सुचारू जीवन यापन के लिये निरंतर अनुकंपा नियुक्ति की मांग कर रहे हैं एवं वर्षों से परेशान हैं, किंतु उनकी समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि दिवंगत शासकीय कर्मी के परिवार एवं आश्रितों के प्रति शासन की नीतियां मानवीय दृष्टिकोण युक्त होना चाहिए। इन परिवारों की मांगों के प्रति सहानुभूतिपूर्वक विचार कर नीति में परिवर्तन किया जाना उचित होगा।
श्री नाथ ने कहा है कि अनुकंपा नियुक्ति नीति में यथोचित परिवर्तन कर वर्ष 2000 से 2012 तक के मध्यप्रदेश विद्युत मंडल में सेवाकाल के दौरान सामान्य रूप से दिवंगत हुए कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दिये जाने हेतु सकारात्मक पहल करें, जिससे हजारों परिवारों का जीवन यापन सुरक्षित हो सके।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999