शिवराज सरकार की विदाई की शुरूआत हो चुकी है,
खबर नेशन / Khabar Nation
अब जाते-जाते भ्रष्टाचार के बड़े खेलों को अंजाम दिया जा रहा है : नरेन्द्र सलूजा
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने बताया कि शिवराज सरकार और उसके मंत्री समझ चुके हैं कि प्रदेश की जनता ने उनकी विदाई का मन बना लिया है। जिस प्रकार से पंचायत चुनाव व नगरीय निकाय के चुनाव में भाजपा की करारी हार हुई है, वैसी ही हार आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में ही होना निश्चित है। इसलिए जाते-जाते भ्रष्टाचार के बड़े खेलों को अंजाम दिये जाने की पूरी तैयारी की जा रही है। इन खेलों को लेकर पूर्व में हुई केबिनेट की बैठक में भी बड़ा विवाद हो चुका है।
सलूजा ने बताया कि इतिहास में संभवतः पहली बार प्रदेश के दो बड़े विभागों जल संसाधन विभाग व नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) में एक साथ 25 हजार करोड़ रूपये के टेंडर जारी किये गये हैं। जिस जल संसाधन विभाग का कुल बजट 6006 करोड़ है, वहां दो गुना की राशि 13.500 करोड़ रूपये के टेंडर जारी किये गये, वहीं जिस नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का कुल बजट 3263 करोड़ रूपये हैं वहां पर 11500 करोड़ रूपये, यानि 4 गुना अधिक के टेंडर जारी किये गये हैं।
सलूजा ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अंतर्गत प्रदेश के धार जिले में 304 करोड़ की लागत से बन रहे कारम बांध का हाल हम सभी ने देखा है कि किस प्रकार का भ्रष्टाचार का खेल इसके निर्माण में खेला गया, जो कि बनते-बनते ही बह गया।
कांग्रेस को यह जानकारी लगी है कि इन टेंडरों की आड़ में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल खेलने की तैयारी की जा रही है। जहां एक तरफ सरकार का खजाना खाली पड़ा है, प्रदेश पर तीन लाख करोड़ रूपये से अधिक का कर्ज है, वहीं सरकार अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए नित नये कर्ज ले रही है। वहीं इन टेंडरों की आड़ में मोटे कमीशन व भ्रष्टाचार का खेल खेलने की तैयारी है।
सलूजा ने कहा कि अर्थव्यवस्था के संकट के दौर में जारी यह टेंडर समझ से परे हैं। कांग्रेस इस भ्रष्टाचार के खेल पर चुप नहीं बेठेगी। भ्रष्टाचार की इस तैयारी पर कांग्रेस की पैनी निगाह है। टेंडर की आड़ में किये जा रहे सरकार के इस भ्रष्टाचार को कांग्रेस जनता के बीच बेनकाव व उजागर करेगी।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999